Kutch Road Accident:गुजरात के कच्छ में 21 नवंबर की देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में सात लोगों की जान चली गई। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे। उनका संबंध भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से था। बताया गया कि सभी रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद कार से भुज लौट रहे थे, तभी रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।
दो टुकड़ों में बंटी कार
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दो हिस्सों में बंट गई। हादसे के बाद सड़क पर शव बिखर गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत एवं बचाव कार्य में मदद की, लेकिन कार के मलबे में फंसे लोगों को निकालने में काफी मुश्किल हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस बुलाई गई। हालांकि, कार में सवार किसी भी व्यक्ति की जान नहीं बचाई जा सकी।
ओवरटेक बना हादसे की वजह
कच्छ के एसपी विकास सुंडा के मुताबिक, हादसा रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच हुआ। खावड़ा से भुज की ओर जा रही कार की टक्कर सामने से आ रहे ट्रक से हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार चालक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। घटनास्थल पर फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम जांच कर रही है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कच्छ हादसे में सात लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी।

