Arthritis Symptoms: सुबह उठते ही शरीर में रहती है अकड़न? इन संकेतों को बिल्कुल न करें नजरअंदाज

सुबह उठते ही जोड़ों में जकड़न, बिना चोट के बार-बार दर्द, सूजन, गर्माहट, सीढ़ियां चढ़ने में परेशानी और जोड़ की मूवमेंट कम होना गठिया के संभावित संकेत हो सकते हैं। हालांकि, हर जोड़ों का दर्द गठिया नहीं होता, इसलिए लगातार लक्षणों में डॉक्टर से सलाह जरूरी है।

Arthritis Symptoms: कभी-कभार हाथ-पैर या जोड़ों में दर्द होना आम बात है। थकान, ज्यादा काम या किसी चोट की वजह से भी ऐसा हो सकता है। लेकिन अगर जोड़ों में दर्द और जकड़न बार-बार होने लगे, सुबह उठते ही शरीर अकड़ा हुआ महसूस हो या सीढ़ियां चढ़ने-उतरने में परेशानी होने लगे, तो इसे सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ये गठिया यानी Arthritis के शुरुआती संकेत हो सकते हैं।

सुबह उठते ही जोड़ों में जकड़न

गठिया के शुरुआती लक्षणों में सुबह के समय हाथ-पैर या दूसरे जोड़ों में जकड़न महसूस होना शामिल है। कई बार कुछ देर चलने-फिरने के बाद यह परेशानी कम हो जाती है। लंबे समय तक बैठने या आराम करने के बाद भी जोड़ों में अकड़न महसूस हो सकती है।

बिना चोट के बार-बार जोड़ों में दर्द

अगर घुटने, कलाई, उंगलियों, पैरों या शरीर के दूसरे जोड़ों में लगातार या बार-बार दर्द हो रहा है और इसके पीछे कोई चोट नहीं है, तो इसे केवल थकान मानकर छोड़ना सही नहीं है। गठिया में दर्द धीरे-धीरे बढ़ सकता है और रोजमर्रा के काम प्रभावित होने लगते हैं।

सूजन और गर्माहट भी हो सकती है संकेत

जोड़ों के आसपास सूजन, लालिमा या सामान्य से ज्यादा गर्माहट महसूस होना भी गठिया की ओर इशारा कर सकता है। रुमेटॉइड आर्थराइटिस में खास तौर पर हाथों और पैरों के कई छोटे जोड़ों में सूजन और दर्द देखा जा सकता है।

हाथों और उंगलियों से काम करने में परेशानी

रुमेटॉइड आर्थराइटिस की शुरुआत में उंगलियों, हाथों और कलाई के छोटे जोड़ प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में मुट्ठी बंद करने, बोतल का ढक्कन खोलने या किसी वस्तु को लंबे समय तक पकड़कर रखने में परेशानी हो सकती है।

सीढ़ियां चढ़ने और चलने में दर्द

घुटनों या पैरों के जोड़ों में समस्या होने पर सीढ़ियां चढ़ने-उतरने, लंबे समय तक चलने या जमीन से उठने-बैठने में दर्द बढ़ सकता है। अगर यह परेशानी लगातार बनी हुई है, तो विशेषज्ञ से सलाह लेना जरूरी है।

जोड़ की मूवमेंट कम होना

अगर पहले की तुलना में किसी जोड़ को पूरी तरह मोड़ने या सीधा करने में परेशानी होने लगे, तो इसे भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कुछ प्रकार के गठिया में समय के साथ जोड़ की मूवमेंट यानी रेंज ऑफ मोशन कम हो सकती है।

क्या हर जोड़ों का दर्द गठिया है?

हर तरह का जोड़ों का दर्द गठिया नहीं होता। चोट, मांसपेशियों पर दबाव, उम्र बढ़ने के साथ होने वाले बदलाव या दूसरी समस्याओं के कारण भी दर्द हो सकता है। गठिया के भी कई प्रकार होते हैं। ऑस्टियोआर्थराइटिस में आमतौर पर कार्टिलेज के धीरे-धीरे घिसने से दर्द और जकड़न होती है, जबकि रुमेटॉइड आर्थराइटिस एक ऑटोइम्यून बीमारी है।

 

 

Exit mobile version