Bloating And Gas: पेट फूलने और गैस से हैं परेशान? तो अपनाए एक्सपर्ट के बताए ये आसान और घरेलू उपाय

न्यूट्रिशनिस्ट के अनुसार, अजवाइन, काला नमक और सौंफ का मिश्रण गैस और ब्लोटिंग से राहत दिलाने में मदद कर सकता है। इसके अलावा हींग का पानी, जीरा पानी, अदरक, सौंफ का पानी और वज्रासन भी पाचन सुधारने में सहायक माने जाते हैं। लगातार समस्या रहने पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

Bloating And Gas Home Remedies: पेट फूलना (ब्लोटिंग) और गैस की समस्या आजकल काफी आम हो गई है। ज्यादा खाना, जल्दी-जल्दी भोजन करना या गलत खानपान के कारण पेट भारी महसूस होने लगता है। कई बार बाहर होने पर यह परेशानी और भी असहज कर देती है। ऐसे में न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह ने एक आसान घरेलू उपाय बताया है, जो गैस और ब्लोटिंग से राहत दिलाने में मदद कर सकता है।

गैस और ब्लोटिंग के लिए 3 चीजों का आसान नुस्खा

न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह के अनुसार, अगर बाहर खाना खाने के बाद पेट भारी लगे या गैस बनने लगे, तो एक चुटकी अजवाइन, एक चुटकी काला नमक और थोड़ी-सी सौंफ एक साथ चबा लें। इसके बाद थोड़ा पानी पी लें। इन चीजों को भूनने की भी जरूरत नहीं होती। यह मिश्रण पाचन को बेहतर बनाने और गैस व पेट के भारीपन से राहत दिलाने में सहायक माना जाता है।

ये घरेलू उपाय भी दे सकते हैं राहत

अगर आपको अक्सर ब्लोटिंग की समस्या रहती है, तो कुछ अन्य घरेलू उपाय भी आजमा सकते हैं। हींग का पानी पीने से गैस और पेट फूलने की परेशानी कम हो सकती है। हल्का गर्म जीरा पानी पाचन में मदद करता है। अदरक का छोटा टुकड़ा चबाना या अदरक का गर्म पानी पीना भी फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। वहीं, सौंफ का पानी पेट को ठंडक पहुंचाने और पाचन सुधारने में मदद कर सकता है।

वज्रासन भी है फायदेमंद

खाना खाने के बाद 5 से 10 मिनट तक वज्रासन में बैठने से पाचन बेहतर होता है और गैस बाहर निकलने में मदद मिल सकती है। यह आसान योग मुद्रा पेट के भारीपन को कम करने में भी सहायक मानी जाती है।

हालांकि, यदि गैस, ब्लोटिंग या पेट दर्द की समस्या बार-बार हो रही है या लंबे समय तक बनी रहती है, तो इसे नजरअंदाज न करें और डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

अस्वीकरण: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी घरेलू उपाय को अपनाने से पहले चिकित्सक या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।

Exit mobile version