Site icon News1India

Children Medicine Alert: 4 साल से कम बच्चों के लिए इस सर्दी-जुकाम की दवा पर सरकार हुई सख़्त, जानें क्या है नया नियम

Children Medicine Alert: क्लोरफेनिरामाइन मेलेट और फिनाइलएफ्रिन हाइड्रोक्लोराइड का FDC आमतौर पर सर्दी-जुकाम, नाक बहने और इससे जुड़े लक्षणों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। केंद्र सरकार ने 15 अप्रैल 2025 की अधिसूचना में इन दोनों दवाओं के संयोजन वाली सभी फॉर्मुलेशन को 4 साल से कम उम्र के बच्चों में इस्तेमाल न करने का निर्देश दिया था।

सरकार का यह फैसला Subject Expert Committee और Drugs Technical Advisory Board (DTAB) की सिफारिशों के बाद आया। विशेषज्ञों ने छोटे बच्चों के लिए इस FDC के बजाय सुरक्षित विकल्पों की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंध की सिफारिश की थी।

दवा के पैकेट पर चेतावनी लिखना जरूरी

नियम के तहत दवा बनाने वाली कंपनियों को इसके लेबल, पैकेज इन्सर्ट और प्रचार सामग्री पर साफ चेतावनी देनी होगी कि यह FDC 4 साल से कम उम्र के बच्चों में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। यह अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित होने के साथ प्रभावी हुई थी।

इससे पहले CDSCO ने दिसंबर 2023 में भी इसी FDC को लेकर निर्माताओं को 4 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए चेतावनी लेबल पर लगाने का निर्देश दिया था।

माता-पिता बिना सलाह के न दें दवा

माता-पिता को खास तौर पर छोटे बच्चों में सर्दी-जुकाम की दवा खुद से देने से बचना चाहिए। केवल उम्र के आधार पर किसी बच्चे को कोई सिरप या कॉम्बिनेशन दवा देना उचित नहीं है। बच्चे की उम्र, वजन, लक्षण और दूसरी दवाओं को ध्यान में रखकर डॉक्टर ही उचित उपचार बता सकते हैं।

अगर बच्चे को सांस लेने में परेशानी, लगातार तेज बुखार, सुस्ती, पानी की कमी या हालत बिगड़ने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।

Exit mobile version