Sore Throat Causes:गले में सूजन या खराश केवल सर्दी या बुखार की वजह से नहीं होती। आपकी कुछ रोज़मर्रा की आदतें और आसपास का माहौल भी इसके लिए ज़िम्मेदार हो सकता है। जानिए इन कारणों के बारे में। गले में खराश होना आम बात लग सकती है, लेकिन इसके पीछे कई अलग-अलग वजहें हो सकती हैं। अक्सर लोग इसे बदलते मौसम या सर्दी-खांसी से जोड़ते हैं, लेकिन कई बार ऐसा बिना बुखार के भी होता है। कुछ छोटी-छोटी आदतें और हमारी लाइफस्टाइल भी इसके पीछे जिम्मेदार हो सकती हैं। आइए जानते हैं कि किन कारणों से गले में सूखापन, खराश और जलन हो सकती है।
घर की धूल और एलर्जी
अगर आपको धूल, मिट्टी या पालतू जानवरों के बालों से एलर्जी है, तो यह गले की परेशानी की बड़ी वजह बन सकती है। जब एलर्जी वाला तत्व सांस के जरिए शरीर में जाता है, तो गले में सूजन और खराश महसूस होने लगती है। यह स्थिति बिना बुखार के भी हो सकती है।
मुंह से सांस लेना
अगर नाक बंद रहती है और आप रातभर या दिन में मुंह से सांस लेते हैं, तो इससे गला सूखने लगता है। सूखा गला सुबह उठते समय खराश और जलन की वजह बन सकता है। ये आदत नाक की समस्या और गले की तकलीफ दोनों को बढ़ा सकती है।
पेट की गैस या एसिडिटी
अगर आपको गैस या एसिड रिफ्लक्स की समस्या है, तो पेट का एसिड कभी-कभी गले तक पहुंच सकता है। इससे गले में जलन और लगातार खराश महसूस होती है। इसे गंभीरता से लेना जरूरी है, क्योंकि यह लंबे समय में गले को नुकसान पहुंचा सकता है।
ज्यादा तेज आवाज में बोलना
अगर आप शिक्षक, गायक या कोई ऐसा काम करते हैं जिसमें लगातार और तेज बोलना पड़ता है, तो इससे गले की मांसपेशियों पर ज़ोर पड़ता है। लगातार ऐसा करने से गले में दर्द, सूजन और खराश की शिकायत हो सकती है।
धूम्रपान और धुएं के संपर्क में आना
धूम्रपान करने से गले की अंदरूनी परत में जलन होने लगती है। यहां तक कि अगर आप खुद नहीं पीते लेकिन किसी और के धुएं के संपर्क में आते हैं, तो भी गला सूखने और खराश की समस्या हो सकती है।
वायरल या बैक्टीरियल संक्रमण
बिना बुखार के भी वायरस या बैक्टीरिया गले को संक्रमित कर सकते हैं। इसके लक्षणों में गले में दर्द, सूजन और बोलने में तकलीफ शामिल हो सकते हैं। ऐसे में डॉक्टरी सलाह जरूरी हो सकती है।
गले की खराश को हल्के में न लें। अगर यह बार-बार हो रही है या लंबे समय तक बनी रहती है, तो अपनी आदतों और आसपास के वातावरण पर ध्यान देना जरूरी है। सही समय पर इलाज और सावधानी से आप इस परेशानी से बच सकते हैं।