DIY Face Mask for Winter: सर्दियों में चेहरा धोने के कुछ देर बाद ही त्वचा पर खिंचाव और रूखापन महसूस होना आम समस्या है। ऐसे में बार-बार मॉइस्चराइजर लगाने की जरूरत पड़ सकती है। हालांकि, घर में मौजूद कुछ चीजों से बने फेस पैक भी त्वचा को मुलायम महसूस कराने में मदद कर सकते हैं। शहद, दही, एलोवेरा और ओट्स जैसी चीजों से आप आसानी से फेस पैक तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं इन्हें बनाने और इस्तेमाल करने का तरीका।
शहद और दही का फेस पैक
ड्राई स्किन को मुलायम महसूस कराने के लिए शहद और दही का फेस पैक इस्तेमाल किया जा सकता है। शहद त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद करता है, जबकि दही त्वचा को सॉफ्ट महसूस करा सकता है।
इसे बनाने के लिए एक कटोरी में दो चम्मच सादा दही लें और उसमें एक चम्मच शहद मिलाएं। दोनों को अच्छी तरह मिक्स करके चेहरे पर लगाएं। करीब 10 से 15 मिनट बाद सादे पानी से चेहरा धो लें। इसके बाद मॉइस्चराइजर जरूर लगाएं।
एलोवेरा और शहद का फेस पैक
अगर त्वचा रूखी होने के साथ खिंची हुई महसूस होती है, तो एलोवेरा और शहद का पैक आजमा सकते हैं। एलोवेरा त्वचा को ठंडक और आराम देने में मदद कर सकता है, जबकि शहद नमी बनाए रखने में सहायक होता है।
इसके लिए दो चम्मच एलोवेरा जेल में एक चम्मच शहद मिलाएं। तैयार मिश्रण को चेहरे पर हल्की परत में लगाएं और करीब 10 मिनट बाद पानी से धो लें।
ओट्स और दही का फेस पैक
ओट्स त्वचा को आराम देने में मदद कर सकते हैं। वहीं, दही के साथ मिलाकर लगाने से त्वचा मुलायम महसूस हो सकती है। इसे बनाने के लिए एक चम्मच ओट्स को बारीक पीस लें। इसमें एक से दो चम्मच सादा दही मिलाकर पेस्ट तैयार करें। चेहरे पर लगाकर करीब 10 मिनट छोड़ दें और फिर पानी से धीरे-धीरे साफ कर लें। इसे हटाते समय त्वचा को रगड़ने से बचें।
केले और शहद का फेस पैक
केला और शहद से बना फेस पैक भी ड्राई स्किन के लिए एक घरेलू विकल्प हो सकता है। आधा पका केला अच्छी तरह मैश करें और उसमें एक चम्मच शहद मिलाएं। इस पेस्ट को साफ चेहरे पर लगाकर 10 से 15 मिनट तक रहने दें। इसके बाद सादे पानी से चेहरा धो लें और मॉइस्चराइजर लगा लें।
फेस पैक लगाते समय इन बातों का रखें ध्यान
फेस पैक लगाने से पहले चेहरे को हल्के फेस वॉश से साफ कर लें। इसे 10 से 15 मिनट से ज्यादा न रखें और हटाते समय त्वचा को जोर से न रगड़ें। पहली बार इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। जलन, खुजली या लालिमा होने पर इसका इस्तेमाल न करें।
ध्यान रखें कि घरेलू फेस पैक मॉइस्चराइजर का विकल्प नहीं हैं। चेहरा धोने के बाद त्वचा की नमी बनाए रखने के लिए मॉइस्चराइजर लगाना जरूरी है। अगर लगातार रूखापन, खुजली या त्वचा की परत उतरने की समस्या हो, तो त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें।

