Health Benefits of Grapes इन दिनों बाजार में हरे और काले अंगूर खूब नजर आ रहे हैं। यह मौसम अंगूर खाने का है और लोग इसका पूरा फायदा उठा रहे हैं। अंगूर एक ऐसा फल है, जिसे दुनियाभर में पसंद किया जाता है। हरे अंगूर हल्के खट्टे होते हैं, जबकि काले अंगूर ज्यादा मीठे होते हैं। दोनों ही सेहत के लिए फायदेमंद हैं, लेकिन सवाल उठता है कि कौन से अंगूर ज्यादा फायदेमंद हैं? इस पर एक्सपर्ट्स की राय जानते हैं।
हरे अंगूर के फायदे
नोएडा के डाइट मंत्रा क्लीनिक की सीनियर डाइटिशियन कामिनी सिन्हा बताती हैं कि हरे अंगूर पोषण से भरपूर होते हैं। इनमें विटामिन C, एंटीऑक्सिडेंट्स और फाइबर अच्छी मात्रा में होते हैं, जो इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करते हैं। हरे अंगूर खाने से शरीर में पानी की कमी नहीं होती और किडनी की सेहत में सुधार आता है। इनमें कैलोरी कम होती है, जिससे वजन कंट्रोल करने में मदद मिलती है। इसके अलावा, ये पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं और कब्ज से राहत दिलाने में सहायक होते हैं।
काले अंगूर के फायदे
काले अंगूर भी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। इनमें फ्लेवोनॉयड्स और रेस्वेराट्रोल जैसे तत्व पाए जाते हैं, जो दिल की सेहत के लिए बहुत अच्छे होते हैं। ये ब्लड वेसल्स को मजबूत बनाते हैं और कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। काले अंगूर का सेवन करने से हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज को नियंत्रित किया जा सकता है। साथ ही, ये हड्डियों को मजबूत बनाने में भी सहायक होते हैं।
क्या वजन घटाने में मददगार हैं अंगूर
अगर आप वजन कम करना चाहते हैं, तो हरे अंगूर आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकते हैं। इनमें कैलोरी कम होती है और फाइबर की अच्छी मात्रा पाई जाती है, जिससे भूख कम लगती है और पेट ज्यादा देर तक भरा रहता है। हरे अंगूर पाचन तंत्र को सुधारते हैं और शरीर से विषैले तत्व बाहर निकालने में मदद करते हैं।
दिल की सेहत के लिए कौन से अंगूर बेहतर
अगर आपको हृदय से जुड़ी समस्याएं हैं, तो काले अंगूर ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकते हैं। ये ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखने में मदद करते हैं। जिन लोगों को बीपी और दिल की बीमारियों की शिकायत रहती है, उनके लिए ब्लैक अंगूर एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं।
कितनी मात्रा में खाना चाहिए
काले और हरे दोनों ही अंगूर सेहत के लिए फायदेमंद हैं, लेकिन किसी भी चीज की अधिकता नुकसानदायक हो सकती है। डायबिटीज के मरीजों को अंगूर खाते समय सीमित मात्रा का ध्यान रखना चाहिए। अगर आप मीठे फलों से परहेज कर रहे हैं, तो अंगूर भी ज्यादा मात्रा में न खाएं।
अंगूर सेहत के लिए बहुत फायदेमंद हैं, लेकिन किसे ज्यादा खाना चाहिए, यह आपकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों पर निर्भर करता है। वजन घटाने के लिए हरे अंगूर और दिल की सेहत के लिए काले अंगूर बेहतर माने जाते हैं। दोनों ही अंगूर पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं और अगर सही मात्रा में खाए जाएं, तो यह सेहत को जबरदस्त फायदा पहुंचा सकते हैं।