Site icon News1India

Health Tips : बार-बार चक्कर, कमजोरी को न करें नजरअंदाज, कम उम्र में भी हो सकता है लो ब्लड प्रेशर, जानिए इसके लक्षण और बचाव के तरीके

Low Blood Pressure Causes, पहले लो ब्लड प्रेशर की समस्या ज्यादातर बुजुर्गों में देखी जाती थी, लेकिन अब कम उम्र के लोगों में भी इसके मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अगर आपको बार-बार चक्कर आते हैं, अचानक कमजोरी महसूस होती है या खड़े होने पर आंखों के सामने अंधेरा छा जाता है, तो इसे सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज न करें। ये लक्षण लो ब्लड प्रेशर के हो सकते हैं। आमतौर पर 90/60 mm Hg से कम ब्लड प्रेशर को लो ब्लड प्रेशर माना जाता है।

सिर्फ पानी की कमी ही नहीं हो सकती वजह

कई लोग मानते हैं कि लो ब्लड प्रेशर सिर्फ शरीर में पानी की कमी के कारण होता है, लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता। कई मामलों में इसके पीछे एनीमिया, विटामिन की कमी, हार्मोनल गड़बड़ी या दूसरी स्वास्थ्य समस्याएं भी जिम्मेदार हो सकती हैं। इसलिए बार-बार ऐसी परेशानी होने पर डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।

डिहाइड्रेशन भी बन सकता है कारण

मायो क्लिनिक के अनुसार, जब शरीर में पानी की कमी हो जाती है तो खून की मात्रा भी कम होने लगती है, जिससे ब्लड प्रेशर गिर सकता है। तेज बुखार, उल्टी, गंभीर दस्त, ज्यादा पसीना आना, मूत्रवर्धक दवाओं का अधिक सेवन और जरूरत से ज्यादा व्यायाम करने से डिहाइड्रेशन हो सकता है।

पोषक तत्वों की कमी बढ़ाती है जोखिम

विटामिन बी-12, फोलेट और आयरन की कमी से शरीर पर्याप्त मात्रा में रेड ब्लड सेल्स नहीं बना पाता। इससे एनीमिया की समस्या हो सकती है, जो लो ब्लड प्रेशर का एक प्रमुख कारण मानी जाती है। संतुलित आहार इस समस्या से बचाव में अहम भूमिका निभाता है।

खून की कमी और प्रेग्नेंसी का असर

किसी चोट या शरीर के अंदरूनी हिस्से में रक्तस्राव होने से खून की कमी हो सकती है, जिससे ब्लड प्रेशर अचानक गिर जाता है। वहीं, गर्भावस्था के दौरान शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव और रक्त वाहिकाओं के फैलने के कारण भी ब्लड प्रेशर कम हो सकता है। अधिकतर मामलों में बच्चे के जन्म के बाद यह सामान्य स्तर पर लौट आता है।

इंफेक्शन भी हो सकता है जिम्मेदार

शरीर में गंभीर संक्रमण होने पर ब्लड प्रेशर तेजी से गिर सकता है। इसे सेप्टिक शॉक कहा जाता है। जब संक्रमण खून में फैल जाता है तो इसे सेप्टिसीमिया कहा जाता है। यह स्थिति गंभीर हो सकती है और तुरंत इलाज की जरूरत पड़ती है।

लक्षण दिखें तो डॉक्टर से करें संपर्क

अगर आपको बार-बार चक्कर आना, कमजोरी, बेहोशी जैसा महसूस होना या धुंधला दिखाई देना जैसी समस्याएं हो रही हैं, तो इन्हें हल्के में न लें। समय पर जांच और सही इलाज से लो ब्लड प्रेशर के कारण का पता लगाया जा सकता है और गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।

डिस्क्लेमर : यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से है। News1 India किसी भी चिकित्सा सलाह का विकल्प नहीं है। स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर डॉक्टर या योग्य विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें।

Exit mobile version