Teeth Sensitivity: मौसम में तापमान बदलने के साथ कुछ लोगों को दांतों में अचानक झनझनाहट या दर्द महसूस होने लगता है। डेंटिस्ट डॉ. विक्रम अहूजा के मुताबिक, जिन लोगों के दांत या मसूड़े पहले से संवेदनशील हैं, उनमें तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण यह समस्या अधिक महसूस हो सकती है।
दांतों की बाहरी परत यानी इनैमल के घिसने या मसूड़ों के पीछे हटने से अंदर मौजूद डेंटिन खुल सकता है। ऐसे में ठंडे या गर्म पदार्थों का असर दांत के अंदर मौजूद नसों तक पहुंचने पर अचानक दर्द या सेंसेटिविटी महसूस हो सकती है।
इसके अलावा कैविटी, दांतों में दरार, मसूड़ों की बीमारी और बहुत जोर से ब्रश करने जैसी समस्याएं भी संवेदनशीलता बढ़ा सकती हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
डॉक्टर के अनुसार, दांतों की सफाई के लिए Soft Toothbrush का इस्तेमाल करें और ब्रश करते समय बहुत ज्यादा दबाव न डालें। जरूरत होने पर Sensitivity के लिए बनाए गए टूथपेस्ट का इस्तेमाल किया जा सकता है।
बहुत गर्म चीज खाने या पीने के तुरंत बाद बेहद ठंडी चीज लेने से भी बचना चाहिए। तापमान में अचानक बदलाव संवेदनशील दांतों में परेशानी बढ़ा सकता है।
अगर ब्रश करते समय मसूड़ों से खून आता है, तो सफाई पूरी तरह बंद करना सही नहीं है। नरम ब्रश से हल्के हाथों से दांतों और मसूड़ों की सफाई जारी रखें। लगातार ब्लीडिंग होने पर डेंटिस्ट से सलाह लें।
खट्टी चीजों का सेवन भी करें सीमित
बहुत ज्यादा एसिडिक या खट्टी चीजों का सेवन दांतों के इनैमल को प्रभावित कर सकता है। इसलिए ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित रखना बेहतर है, खासकर अगर पहले से दांत संवेदनशील हैं।अगर किसी एक दांत में लगातार दर्द रहता है, रात में दर्द बढ़ता है या ठंडा-गर्म हटाने के बाद भी दर्द बना रहता है, तो इसे सामान्य सेंसेटिविटी मानकर नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में दंत चिकित्सक से जांच कराना जरूरी है।

