Site icon News1India

Road Accident : चंबा में खाई में गिरी पिकअप, दो लोगों की मौत; दो घायल, कैसे हुआ हादसा?

Chamba Pickup Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बुधवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुलिस थाना खैरी के तहत राजणी गांव के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर नाले के समीप गहरी खाई में जा गिरा। हादसा रात करीब 9:15 बजे हुआ। वाहन में चालक समेत चार लोग सवार थे। दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने बचाया

पिकअप के खाई में गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के दौरान एक व्यक्ति किसी तरह खाई से चढ़कर सड़क तक पहुंच गया। वहीं, वाहन में फंसे तीन अन्य लोगों को स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सभी को उपचार के लिए एनएचपीसी अस्पताल सामलेऊ पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान पिकअप चालक सुनील कुमार पुत्र उत्तम चंद और करण कुमार पुत्र कुंडू राम के रूप में हुई है। दोनों चंबा जिले की सलूणी तहसील के बासा गांव के रहने वाले थे। वहीं, हादसे में अंकुश कुमार पुत्र पवन कुमार और सुनील कुमार पुत्र काकू राम घायल हुए हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलने पर खैरी पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने दुर्घटना में दो लोगों की मौत और दो के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घायलों की हालत स्थिर है। पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंपे जा रहे हैं। पुलिस अब दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगा रही है। हादसे के बाद बासा गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।

Exit mobile version