America Deportation : विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने शुक्रवार को लोकसभा में जानकारी दी कि वर्ष 2025 के पहले सात महीनों में अमेरिका ने कुल 1,703 भारतीय नागरिकों को अपने देश से निकाला है, जिनमें 141 महिलाएं भी शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2020 से 2024 के बीच अमेरिका से कुल 5,541 भारतीयों को निर्वासित किया गया था, जबकि 2025 में 22 जुलाई तक यह संख्या 1,703 तक पहुंच चुकी है।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों (2020 से 2024) के दौरान ब्रिटेन से 311 भारतीय नागरिकों को बाहर निकाला गया, जबकि वर्ष 2025 में अब तक 131 भारतीयों को देश से निकाला गया है। सरकार का कहना है कि ब्रिटेन से निकाले गए लोगों की सही संख्या में कुछ अंतर हो सकता है क्योंकि कई बार वैध दस्तावेज रखने वाले लोगों को भी निर्वासित कर दिया जाता है। इसके अलावा, जिन नागरिकों को इमरजेंसी ट्रैवल डॉक्यूमेंट (ETD) जारी किए जाते हैं, वे सभी इनका उपयोग नहीं कर पाते क्योंकि कुछ लोग निर्वासन के खिलाफ अपील कर देते हैं।