B C G Camp Attack: कोस्ट गार्ड कैंप पर हमला, BLA ने 30 से ज्यादा पाकिस्तानी जवानों के मारे जाने का किया दावा

बलोचिस्तान के ग्वादर जिले में पाकिस्तान कोस्ट गार्ड कैंप पर BLA ने बड़े आत्मघाती हमले का दावा किया है। संगठन के अनुसार 30 से अधिक सुरक्षाकर्मी मारे गए, जबकि पाकिस्तान ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Balochistan Coast Guard Camp Attack: पाकिस्तान के अशांत बलोचिस्तान प्रांत से एक बड़ी घटना सामने आई है। ग्वादर जिले के जिवानी इलाके में स्थित पाकिस्तान कोस्ट गार्ड के एक सैन्य कैंप पर अलगाववादी संगठन बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने बड़ा हमला करने का दावा किया है। यह इलाका रणनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। संगठन का कहना है कि इस हमले में 30 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी मारे गए, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हालांकि, पाकिस्तान सरकार और सेना ने अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

आत्मघाती ट्रक से किया धमाका

स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला शुक्रवार शाम करीब 6:32 बजे स्थानीय समय पर हुआ। BLA की आत्मघाती इकाई ‘मजीद ब्रिगेड’ ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन के अनुसार, अताउल्लाह बलोच उर्फ अजमल नाम के आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरे ट्रक को सीधे कोस्ट गार्ड के मजबूत सैन्य कैंप के मुख्य हिस्से से टकरा दिया। धमाका इतना जोरदार था कि कैंप का बड़ा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

धमाके के बाद चारों ओर से हमला

BLA का कहना है कि यह सिर्फ आत्मघाती धमाका नहीं था। जैसे ही विस्फोट से कैंप की सुरक्षा व्यवस्था कमजोर हुई, संगठन की दूसरी इकाई ‘फतेह स्क्वाड’ के हथियारबंद लड़ाके मौके पर पहुंच गए। उन्होंने चारों तरफ से कैंप को घेर लिया और वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों पर हमला शुरू कर दिया। संगठन का दावा है कि इस दौरान कई जवान मौके पर ही मारे गए और कई घायल हुए।

वीडियो भी किया जारी

हमले के बाद BLA की मीडिया शाखा ‘हक्काल’ ने इस कार्रवाई का 43 सेकंड का एक वीडियो भी जारी किया है। संगठन के प्रवक्ता जीयंद बलोच ने दावा किया कि हमले में 30 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की मौत हुई है। उनका यह भी कहना है कि राहत और बचाव कार्य पूरा होने के बाद मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

पाकिस्तान की ओर से नहीं आया बयान

हमले के बाद BLA ने कहा है कि बलोचिस्तान की पूर्ण स्वतंत्रता की मांग पूरी होने तक वह पाकिस्तान के सुरक्षा बलों के खिलाफ अपना अभियान जारी रखेगा। दूसरी ओर, पाकिस्तान सेना की मीडिया विंग ISPR और सरकार की तरफ से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। इसलिए हताहतों की सही संख्या और हमले से हुए नुकसान की पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।

Exit mobile version