Site icon News1India

Bangkok Pub Fire: देर रात हुआ हादसा, बैंकॉक के पब में भीषण आग, 27 की मौत, कई लापता, दर्जनों घायल

Bangkok Pub Fire incident: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार देर रात एक पब में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 22 की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल और राहत टीम मौके पर पहुंच गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पब के मुख्य दरवाजे से तेज लपटें निकलती दिखाई दे रही हैं, जबकि लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। प्रशासन के अनुसार, कुछ लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

आधे घंटे में काबू

रिपोर्ट के मुताबिक, आग की सूचना रात करीब 11:57 बजे मिली थी। दमकल विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए लगभग आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। हालांकि तब तक आग पूरे पब में फैल चुकी थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत स्टेज के पास से हुई थी और देखते ही देखते पूरे परिसर में फैल गई। हादसे के बाद पब के अंदर का फर्नीचर, दीवारें और छत बुरी तरह जल गईं। आग बुझने के बाद बाहर बड़ी संख्या में शवों के बैग रखे गए, जबकि अंदर का दृश्य पूरी तरह तबाही का था।

कैसे बढ़ा हादसा

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, थाईलैंड के प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने उस समय पब में मौजूद एक संगीतकार से बात की थी। संगीतकार ने बताया कि आग सबसे पहले बिजली के स्विच के पास लगी थी। इसके बाद कुछ धमाके हुए और देखते ही देखते धुआं और आग पूरे पब में फैल गई। लोग बाहर निकलने के लिए भागने लगे, लेकिन कई लोग पीछे की ओर चले गए। धुएं से बचने के लिए कुछ लोगों ने टॉयलेट में शरण ली, लेकिन वहीं सबसे अधिक शव मिले। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि धुएं और आग के कारण वे बाहर नहीं निकल सके।

जांच में जुटा प्रशासन

बताया जा रहा है कि यह हादसा बैंकॉक के चाटुचाक जिले स्थित Rong Beer Na Lat Phrao नाम के पब में हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इमारत में दो इमरजेंसी एग्जिट मौजूद थे, जिनमें से एक किचन के पास से होकर जाता था। अब अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि क्या आपातकालीन निकास सही तरीके से काम कर रहे थे और सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं। साथ ही पब के लाइसेंस और सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने सुनाई आपबीती

हादसे के दौरान मौके पर मौजूद टैक्सी चालक सुरीन जयहार्न ने बताया कि आग की लपटें पब के दरवाजे से बाहर सड़क तक पहुंच गई थीं। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर करीब पांच लोगों को बाहर निकालने में मदद की। उन्होंने आग बुझाने के लिए कपड़े का भी इस्तेमाल किया। वहीं, एक अन्य टैक्सी चालक ने एक महिला को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है, जबकि प्रशासन आग लगने के सही कारणों की जांच कर रहा है।

Exit mobile version