Black Sea Alert: काला सागर में भारतीय नाविकों के लिए बढ़ा खतरा, एडवाइजरी जारी नौकरी के साथ किन बातों का रखें ध्यान

ब्लैक सी क्षेत्र में बढ़ते मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच भारत सरकार ने भारतीय नाविकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। सरकार ने नौकरी स्वीकार करने से पहले जोखिम, बीमा और आपातकालीन व्यवस्था जांचने को कहा है।

Black Sea Advisory: रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच ब्लैक सी यानी काला सागर और उससे जुड़े समुद्री इलाकों में सुरक्षा हालात लगातार चिंताजनक बने हुए हैं। इस क्षेत्र से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों का खतरा बढ़ गया है। हाल ही में यहां एक व्यापारिक जहाज पर हुए हमले में पांच भारतीय नाविकों की मौत की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद भारत सरकार ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। अब मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों के लिए नई सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है।

बढ़ते हमलों से चिंता

विदेश मंत्रालय की एडवाइजरी के मुताबिक, अप्रैल 2026 से ब्लैक सी क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं में तेजी आई है। इन हमलों में अब तक पांच भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है। सरकार ने कहा है कि इस संवेदनशील समुद्री क्षेत्र में काम करने वाले भारतीय नाविकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। साथ ही, जो लोग इस इलाके से गुजरने वाले या यहां संचालित होने वाले जहाजों पर नौकरी करने की योजना बना रहे हैं, उन्हें रोजगार स्वीकार करने से पहले सुरक्षा स्थिति का अच्छी तरह आकलन करना चाहिए।

नौकरी से पहले जांच जरूरी

सरकार ने भारतीय नागरिकों को सलाह दी है कि किसी भी जहाज पर नौकरी स्वीकार करने से पहले वे नियोक्ता, भर्ती एजेंसी और जहाज संचालक से जरूरी जानकारी हासिल करें। इसमें जहाज का प्रस्तावित रूट, संभावित बंदरगाह, सुरक्षा इंतजाम और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था शामिल है। इसके अलावा नौकरी का अनुबंध अंतरराष्ट्रीय समुद्री मानकों के अनुरूप है या नहीं, यह भी जांचना जरूरी है। अनुबंध में चिकित्सा सहायता, आपातकालीन निकासी, स्वदेश वापसी और दुर्घटना की स्थिति में मुआवजे जैसी सुविधाओं का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए।

परिवार को दें जानकारी

विदेश मंत्रालय ने भारतीय नाविकों को सलाह दी है कि वे यात्रा और अपने कार्यस्थल से जुड़ी पूरी जानकारी परिवार के सदस्यों को जरूर दें। परिवार से नियमित संपर्क बनाए रखना भी बेहद जरूरी बताया गया है। सरकार ने कहा है कि ब्लैक सी क्षेत्र में काम करने वाले भारतीय नागरिकों को समुद्री सुरक्षा से जुड़े सभी आधिकारिक निर्देशों का पालन करना चाहिए। खासतौर पर 23 जुलाई 2026 को बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के अंतर्गत समुद्री प्रशासन महानिदेशालय (DGMA) की ओर से जारी सुरक्षा एडवाइजरी को ध्यान में रखने की सलाह दी गई है।

आपात स्थिति में दूतावास से कैसे करें संपर्क

सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक संबंधित भारतीय दूतावास या वाणिज्य दूतावास से संपर्क कर सकते हैं। रूस में भारतीय दूतावास के लिए आपातकालीन नंबर +7 9652773414 और यूक्रेन में भारतीय दूतावास का आपातकालीन नंबर +38 0933559958 जारी किया गया है। सरकार ने भारतीय नागरिकों से अपील की है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए ब्लैक सी क्षेत्र में नौकरी या यात्रा से जुड़े फैसले बेहद सावधानी से लें और सुरक्षा से संबंधित सभी आधिकारिक दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें।

Exit mobile version