Dubai Road Accident: दुबई सड़क हादसे में 7 भारतीय कामगारों की मौत, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

दुबई में एक ट्रक के अचानक सड़क पर रुक जाने से पीछे आ रही मिनीबस उससे टकरा गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई और 9 लोग घायल हुए। मृतकों में कई भारतीय कामगार शामिल हैं।

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई शहर में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अमीरात रोड पर एक ट्रक अचानक बीच सड़क पर रुक गया, जिसके बाद पीछे से आ रही एक मिनीबस उससे जा टकराई। इस हादसे में कई भारतीय कामगारों की जान चली गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

तकनीकी खराबी बनी हादसे की वजह

दुबई पुलिस के यातायात विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर जुमा सलेम बिन सुवैदान ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि ट्रक में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसी वजह से वह अचानक सड़क के बीच में रुक गया। उन्होंने कहा कि मिनीबस चालक ने समय रहते ट्रक को नहीं देखा और पर्याप्त दूरी भी नहीं बनाए रखी थी। इसी कारण बस सीधे ट्रक के पीछे जा भिड़ी। पुलिस के अनुसार दुर्घटना की विस्तृत जांच अभी जारी है।

7 लोगों की मौत, 9 घायल

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 9 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि 4 लोगों को सामान्य चोटें आई हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही है।

अस्पताल पहुंचे भारतीय अधिकारी

दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में कहा कि इस दुर्घटना में भारतीय नागरिकों की मौत की खबर बेहद दुखद है। भारतीय मिशन ने बताया कि वह स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है। भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी अस्पताल भी पहुंचे और घायल भारतीयों से मुलाकात की।

जांच में जुटी पुलिस

ब्रिगेडियर जुमा सलेम ने बताया कि हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। जांच अधिकारी सड़क, वाहनों और अन्य परिस्थितियों का निरीक्षण कर रहे हैं ताकि दुर्घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाया जा सके। इस दौरान यातायात पुलिस ने सड़क पर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और बचाव कार्य को आसान बनाया। बाद में क्षतिग्रस्त ट्रक और मिनीबस को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य किया गया।

Exit mobile version