Forest Fire: फ्रांस-स्पेन के जंगल की आग ने मचाई भारी तबाही, 3 लाख से ज्यादा लोगों को छोड़ना पड़ा घर कारोबार

फ्रांस और स्पेन में भीषण जंगल की आग से 3 लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। कई घर जल गए, एक व्यक्ति की मौत हुई और हजारों लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं।

Forest Fire : फ्रांस और स्पेन में जंगल की भीषण आग ने शनिवार को विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैल रही है कि दोनों देशों में बड़ी संख्या में लोगों को अपने घर, होटल और छुट्टियां बिताने के लिए बुक किए गए ठिकाने छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। कुल मिलाकर 3 लाख से अधिक लोग आग से प्रभावित हुए हैं। कई मकान जलकर नष्ट हो चुके हैं और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों के साथ पर्यटक भी विस्थापित हुए हैं। फ्रांस में इसे शांतिकाल के दौरान किए गए सबसे बड़े नागरिक निकासी अभियानों में से एक माना जा रहा है। वहीं, स्पेन के पूर्वी हिस्से में आग की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत की खबर है।

राहत शिविरों में रात

आग और घने धुएं से बचकर निकले परिवारों को प्रदर्शनी केंद्रों, खेल परिसरों और जिम्नेजियम में बनाए गए अस्थायी राहत शिविरों में रात गुजारनी पड़ी। इनमें ऐसे लोग भी शामिल हैं जिन्हें अभी यह जानकारी नहीं है कि वे कब अपने घर या होटल वापस लौट पाएंगे। फ्रांस के गिरोंद अग्निशमन विभाग के अनुसार, आग के दौरान एक दुर्लभ ‘पायरो क्यूम्युलोनिंबस’ बादल बना। इस तरह के बादल अपनी तेज हवाएं और बवंडर पैदा कर सकते हैं, जिससे आग की दिशा अचानक बदल जाती है। अग्निशमन अधिकारियों के मुताबिक, इसी वजह से आग पर नियंत्रण पाना बेहद मुश्किल हो गया है।

फ्रांस ने उतारा Military Plane –A400M

आग बुझाने के लिए फ्रांस ने सैन्य परिवहन विमान A400M को भी अभियान में शामिल किया है। यह विमान प्रसिद्ध कनाडेयर अग्निशमन विमानों की तुलना में काफी बड़ा है और अधिक मात्रा में पानी या अग्निरोधक रसायन ले जाने में सक्षम है। 25 जुलाई से इसे बोर्डो के आसपास लगी भीषण आग को नियंत्रित करने के लिए तैनात किया गया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, फ्रांस ऐसा पहला देश बन गया है जिसने वास्तविक जंगल की आग के दौरान A400M को अग्निशमन अभियान में इस्तेमाल किया है। इस कदम को आग पर तेजी से काबू पाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

स्पेन में भी हालात गंभीर

स्पेन में भी जंगल की आग ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। मैड्रिड के दक्षिण-पश्चिम में टोलेडो के आसपास कई नए इलाकों को खाली कराने के आदेश जारी किए गए हैं। मैड्रिड क्षेत्र में रोब्लेदो दे चावेला और फ्रेसनेदियास दे ला ओलिवा के बीच आग फैली हुई है। वहीं एविला में आग दक्षिण दिशा की ओर बढ़ रही है। टिएतार घाटी में तेजी से फैलती आग के कारण पूरे इलाके को खाली कराने का आदेश दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, तेज हवाओं ने राहत और बचाव अभियान को चुनौतीपूर्ण बना दिया है। कई जगह हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक दर्ज की गई।

1.16 लाख लोग प्रभावित

स्पेन में मैड्रिड, एविला और कास्टेलोन क्षेत्रों की आग के कारण 1.16 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है या घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, आग अब तक 45 हजार हेक्टेयर से ज्यादा वन क्षेत्र को जला चुकी है। मैड्रिड और एविला में करीब एक लाख लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि कास्टेलोन में लगभग 16 हजार लोग इसकी चपेट में आए हैं। इसके अलावा लियोन के एक गांव से 20 लोगों और कासेरेस के एक समर कैंप से 16 बच्चों को भी सुरक्षित निकाला गया है। आग का कुल दायरा 200 किलोमीटर से ज्यादा तक फैल चुका है। एविला में करीब 21 हजार हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित है और आग का घेरा लगभग 112 किलोमीटर तक पहुंच गया है। मौसम में संभावित सुधार और हवाओं की रफ्तार कम होने से अधिकारियों को आग पर नियंत्रण की उम्मीद है, लेकिन फिलहाल राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

Exit mobile version