Girl travels to college daily by plane: आमतौर पर आपने स्टूडेंट्स को बस, ट्रेन, मेट्रो या अपनी बाइक-कार से कॉलेज जाते देखा होगा। लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि कोई रोज़ाना हवाई जहाज से कॉलेज जाए? यह सुनकर आपको जरूर हैरानी होगी, लेकिन जापान की 22 साल की लड़की युजुकी नकाशिमा यही कर रही हैं।
क्यों करती हैं युजुकी प्लेन से कॉलेज का सफर?
युजुकी फुकुओका की एक यूनिवर्सिटी में पढ़ती हैं, लेकिन उनका घर टोक्यो में है, जो करीब 1000 किलोमीटर दूर है। बावजूद इसके वह रोज़ाना प्लेन से कॉलेज जाती हैं और एक भी क्लास मिस नहीं करतीं। अब सवाल उठता है कि युजुकी वहीं फुकुओका में रहकर पढ़ाई क्यों नहीं कर लेतीं? असल में युजुकी का करियर सिंगिंग से जुड़ा हुआ है। वो पॉप सिंगर हैं और जापान के पॉपुलर गर्ल ग्रुप ‘सकुराजाका 46’ का हिस्सा भी हैं। इसी वजह से उन्हें टोक्यो में रहना पड़ता है।
करियर और पढ़ाई दोनों को साथ लेकर चल रही
युजुकी का मानना है कि उनका सिंगिंग करियर उनकी पढ़ाई के आड़े नहीं आना चाहिए। उन्होंने हाल ही में अपने यूट्यूब चैनल पर एक व्लॉग में बताया कि उन्होंने अपने करियर और पढ़ाई दोनों को साथ लेकर चलने का तरीका खोज लिया है। वह रोज सुबह फ्लाइट लेकर कॉलेज जाती हैं और शाम को वापस टोक्यो लौटती हैं।
युजुकी का रोज़ का रूटीन
yuzuki का दिन सुबह 5 बजे शुरू होता है। सुबह 6 बजे वह टोक्यो के हनेडा एयरपोर्ट से फुकुओका के लिए फ्लाइट लेती हैं। करीब 9:30 बजे फुकुओका के किताकियुशू एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह बस से अपने कॉलेज जाती हैं। इस सफर के दौरान वह अपने स्कूल का होमवर्क भी फ्लाइट में ही करती हैं, ताकि समय का सही इस्तेमाल हो सके।
खर्च कितना आता है?
एक रिपोर्ट के मुताबिक, युजुकी का यह रूटीन सस्ता नहीं है। एक तरफ के हवाई सफर का खर्च करीब 15,000 येन (लगभग 9,000 रुपये) है। यानी आने-जाने में वह रोज़ाना करीब 20 हजार रुपये खर्च कर देती हैं।
फ्लाइट से लौटने के बाद भी युजुकी आराम नहीं करतीं। वह डांस प्रैक्टिस और रियाज़ में अपना समय देती हैं।
सबसे हैरानी की बात ये है कि युजुकी पिछले 4 सालों से यही रूटीन फॉलो कर रही हैं और बिना शिकायत के पढ़ाई और करियर दोनों में बेस्ट परफॉर्म कर रही हैं।