Dead OR Alive: मौत की अफवाह पर पाक सेना का खंडन, सेहत पर बढ़ी चिंता, PTI ने दी बड़े प्रदर्शन की चेतावनी

पाकिस्तानी सेना ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मौत की खबरों को झूठा बताया है। PTI ने परिवार और डॉक्टरों को मिलने की अनुमति नहीं मिलने पर बड़े प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

Army Denial: पाकिस्तानी सेना ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मौत की खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। सेना की मीडिया विंग ISPR ने इन दावों को मनगढ़ंत और झूठा बताया। इससे पहले पाकिस्तानी पत्रकार वजाहत खान ने दावा किया था कि रावलपिंडी स्थित सेना मुख्यालय के तीन वरिष्ठ अधिकारियों के बीच इमरान खान की स्थिति को लेकर गंभीर आशंका जताई गई है। खबर सामने आने के बाद पाकिस्तान समेत दुनिया के कई हिस्सों में इसको लेकर चर्चा शुरू हो गई और शहबाज शरीफ सरकार से सवाल पूछे जाने लगे।

सूत्रों के दावे से हलचल

पत्रकार वजाहत खान ने बाद में स्पष्ट किया कि उनके सूत्र ने इमरान खान की मौत की पुष्टि नहीं की थी। उनके मुताबिक, सूत्र ने केवल इस बात को लेकर चिंता जताई थी कि कहीं उनके साथ कुछ गंभीर घटना तो नहीं हुई। पत्रकार ने कहा कि सेना की लंबे समय से जारी चुप्पी ने इन आशंकाओं को बढ़ाया है। उनके अनुसार, सेना की ओर से खंडन सामने आना भी इस बात का संकेत है कि इमरान खान को लेकर उठी खबरों पर पाकिस्तान में गंभीर चिंता बनी हुई है।

सेहत पर बढ़ी चिंता

इमरान खान की सेहत और जेल में उनकी स्थिति को लेकर पाकिस्तान में लगातार सवाल उठ रहे हैं। उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने मांग की है कि परिवार के सदस्यों और उनके निजी डॉक्टरों को उनसे मिलने की अनुमति दी जाए। इससे पहले नवंबर 2025 में भी इमरान खान की मौत की अफवाहें सामने आई थीं। उस समय उनकी बहन उजमा खानम ने 2 दिसंबर को अडियाला जेल में उनसे मुलाकात की थी और बताया था कि इमरान खान ठीक हैं।

सड़कों पर उतरने की चेतावनी

PTI ने अब इमरान खान से मुलाकात की अनुमति नहीं मिलने पर बड़े पैमाने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी है। पार्टी का कहना है कि अगर उनके नेता से परिवार और डॉक्टरों को मिलने नहीं दिया गया तो लाखों समर्थक सड़कों पर उतर सकते हैं। पार्टी नेताओं ने सरकार से इमरान खान की स्थिति स्पष्ट करने और उनसे मुलाकात की अनुमति देने की मांग की है।

Protest लाख लोगों का दावा

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री और PTI नेता सोहेल आफरीदी ने दावा किया कि अगर इमरान खान से मिलने की अनुमति नहीं दी गई तो 20 लाख से ज्यादा लोग सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोग बाहर आए तो उन्हें रोकना मुश्किल होगा। इस बीच सेना के खंडन के बावजूद इमरान खान की स्थिति को लेकर राजनीतिक तनाव बना हुआ है। मामले में PTI लगातार पारदर्शिता और अपने नेता से मुलाकात की मांग कर रही है।

Exit mobile version