Double Murder Case: अमेरिका में भारतीय मूल के 17 साल के नाबालिग पर मां-भाई की हत्या का आरोप

अमेरिका के मैसाचुसेट्स में भारतीय मूल के 17 वर्षीय किशोर पर अपनी मां और छोटे भाई की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने उसे अगले दिन कार से बरामद कर हिरासत में लिया।

Family Tragedy : अमेरिका के मैसाचुसेट्स के एक्टन में भारतीय मूल के 17 वर्षीय अर्जुन अरविंद पर अपनी मां और छोटे भाई की कथित हत्या का मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार को मार्था लेन स्थित घर में उसकी 45 वर्षीय मां सुधा वेंकटेशन और 14 वर्षीय भाई सिद्धार्थ अरविंद गंभीर हालत में मिले। बाद में दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान थे। हालांकि मेडिकल एक्जामिनर ने अभी मौत के सटीक कारण और तरीके की आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है।

पिता की शिकायत से खुलासा

मिडलसेक्स डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी मैरियन रयान और एक्टन पुलिस चीफ डगलस स्टर्नियोलो के मुताबिक, 11 अगस्त की शाम करीब 6:37 बजे अर्जुन के पिता ने पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के सदस्यों से संपर्क नहीं कर पा रहे थे। घर पर आने वाले एक ट्यूटर ने भी किसी सदस्य से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसे कोई जवाब नहीं मिला। पिता ने बताया कि उन्होंने उसी सुबह काम पर जाने से पहले सुधा से बात की थी, जबकि सिद्धार्थ को आखिरी बार दोपहर के आसपास देखा गया था।

मां की कार लेकर निकला

पुलिस जब घर पहुंची तो अर्जुन वहां मौजूद नहीं था। जांच में पता चला कि वह कथित तौर पर अपनी मां की कार लेकर वहां से चला गया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और वाहन की जानकारी के आधार पर अलर्ट जारी किया। जांच के दौरान पुलिस को आशंका थी कि किशोर इसी कार में कहीं गया है। अगले दिन बुधवार सुबह मैसाचुसेट्स के वेलैंड स्थित एक पार्किंग लॉट में पुलिस को वही कार मिली। एक अलग मामले से जुड़े अलार्म के बाद वहां पहुंची स्थानीय पुलिस ने अर्जुन को कार में पाया और बिना किसी घटना के हिरासत में ले लिया।

इंटरनेट पर चिंताजनक सर्च

जांचकर्ताओं के मुताबिक, अर्जुन के हालिया व्यवहार को लेकर भी चिंताएं सामने आई हैं। मिडलसेक्स काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी ऑफिस ने बताया कि जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि वह इंटरनेट पर परिवार को नुकसान पहुंचाने से जुड़ी सामग्री और कथित तौर पर ‘फैमिली किलिंग फैंटजीज’ से संबंधित जानकारी तलाश रहा था। अधिकारियों के बयान के मुताबिक, इन सर्च के लिए उसने इंटरनेट और ChatGPT का भी इस्तेमाल किया था। मामले में कथित हथियार और हत्या की पूरी परिस्थितियों की जांच अभी जारी है।

दो अदालतों में कार्रवाई

अर्जुन पर हत्या के दो आरोपों के अलावा परिवार के सदस्य के साथ मारपीट और हिंसा के दो-दो आरोप, बिना अनुमति वाहन इस्तेमाल करने और वाहन चोरी से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। नाबालिग होने के कारण उसे पहले लोवेल जुवेनाइल कोर्ट में पेश किए जाने की उम्मीद है। हालांकि, अधिकारियों के अनुसार जुवेनाइल कोर्ट के पास हत्या के आरोपों की सुनवाई का अधिकार नहीं है। इसलिए उसे बाद में कॉनकॉर्ड डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में हत्या और संबंधित आरोपों का सामना करना पड़ सकता है। मामले में जांच एजेंसियां घटनाक्रम, डिजिटल गतिविधियों और अन्य सबूतों की पड़ताल कर रही हैं।

Exit mobile version