Site icon News1India

Indian Student Death Case: अमेरिका में भारतीय छात्रा की मौत के बाद किसने की परिवार को अरबों रुपए मुआवजा देने की पेशकश

Indian Student Death Case: अमेरिका में भारतीय छात्रा की मौत के मामले ने एक बार फिर पुलिस की जिम्मेदारी और सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 23 वर्षीय जाह्नवी कंडुला की मौत के बाद अब उनके परिवार को करीब 262 करोड़ रुपये मुआवजा देने की पेशकश की गई है। यह रकम इतनी बड़ी है कि अमेरिकी इतिहास में पुलिस की लापरवाही से हुई मौतों के मामलों में सबसे अधिक मुआवजों में से एक मानी जा रही है।

पढ़ाई के लिए गई थीं

जाह्नवी भारत से पढ़ाई के लिए अमेरिका गई थीं। वे Northeastern University के सिएटल कैंपस में इंफॉर्मेशन सिस्टम्स में मास्टर्स कर रही थीं। जनवरी 2023 में सिएटल में सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार पुलिस गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

तेज रफ्तार बनी वजह

पुलिस अधिकारी केविन डेव उस समय ड्रग ओवरडोज से जुड़ी एक इमरजेंसी कॉल पर जा रहे थे। स्पीड लिमिट 25 मील प्रति घंटे थी, लेकिन वे करीब 74 मील प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे। गाड़ी की इमरजेंसी लाइट और सायरन चालू थे, फिर भी क्रॉसवॉक पर जाह्नवी को बचाया नहीं जा सका।

हल्की कार्रवाई से नाराजगी

घटना के बाद अधिकारी पर लापरवाह ड्राइविंग का आरोप लगा और 5,000 डॉलर का जुर्माना लगाया गया। पुलिस विभाग ने उन्हें नौकरी से भी हटा दिया। हालांकि अभियोजकों ने गंभीर आपराधिक केस दर्ज नहीं किया। उनका कहना था कि यह साबित नहीं हो सका कि अधिकारी ने जानबूझकर सुरक्षा नियमों की अनदेखी की।

कैमरा रिकॉर्डिंग से बवाल

मामला तब और गरमा गया, जब अधिकारी डैनियल ऑडरर की बॉडी कैमरा रिकॉर्डिंग सामने आई। इसमें वे हंसते हुए जाह्नवी की जिंदगी की “सीमित कीमत” बताते सुने गए। यह वीडियो सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा बढ़ गया और भारतीय अधिकारियों ने भी जांच की मांग की।

कोर्ट में दाखिल समझौता

इस पूरे मामले में अब शहर प्रशासन ने परिवार को बड़ी रकम देने का प्रस्ताव रखा है। यह समझौता King County Superior Court में दाखिल किया गया। लोकल न्यूज वेबसाइट ने सबसे पहले इसकी जानकारी दी।

शहर प्रशासन का बयान

शहर की अटॉर्नी एरिका इवांस ने कहा कि जाह्नवी की मौत बेहद दर्दनाक थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह आर्थिक समझौता परिवार को कुछ हद तक राहत देगा। हालांकि परिवार के वकीलों ने अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

Exit mobile version