गादी आइजनकोट को पहले प्रधानमंत्री बनाने की पेशकश, फिर नेतन्याहू संभालेंगे जिम्मेदारी; 6 दिसंबर तक सरकार बनाने का मौका, बहुमत नहीं मिलने पर फिर चुनाव की संभावना।
नेतन्याहू ने दिया बारी-बारी से प्रधानमंत्री बनने का प्रस्ताव
इजराइल की राजनीति में इन दिनों सरकार बनाने को लेकर काफी हलचल मची हुई है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू विपक्षी नेता गादी आइजनकोट को प्रधानमंत्री बनाने का प्रस्ताव दे सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस प्रस्ताव में दोनों नेताओं के बीच बारी-बारी से प्रधानमंत्री पद संभालने की बात कही गई है।
बताया जा रहा है कि प्रस्ताव के अनुसार, पहले गादी आइजनकोट प्रधानमंत्री बनेंगे और उनके बाद बेंजामिन नेतन्याहू इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। यह प्रस्ताव आइजनकोट तक पहुंच चुका है, लेकिन उन्हें नेतन्याहू की पेशकश पर भरोसा नहीं है। वह फिलहाल अपने गठबंधन के जरिए नई सरकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें बहुमत साबित करने के लिए 6 दिसंबर तक का समय मिला है।
लिबरमैन ने बताया नेतन्याहू की राजनीतिक चाल
इजराइल की यिजराइल बेतेनु पार्टी के प्रमुख एविगडोर लिबरमैन ने नेतन्याहू के इस प्रस्ताव पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर कहा कि यह सरकार बनाने की प्रक्रिया को रोकने और देश में दोबारा चुनाव कराने की कोशिश हो सकती है।
लिबरमैन का मानना है कि नेतन्याहू सरकार बनाने की बातचीत को आखिरी समय तक खींच सकते हैं। इसके बाद किसी विवाद के जरिए गठबंधन टूट सकता है और देश में फिर चुनाव कराने की स्थिति बन सकती है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि अगर दोनों नेताओं के बीच सरकार बन भी जाती है, तो नेतन्याहू कुछ महीनों बाद विवाद पैदा करके गठबंधन तोड़ सकते हैं।
आइजनकोट को बहुमत के लिए चाहिए 13 सीटें
इजराइल की संसद में सरकार बनाने के लिए 61 सीटों का बहुमत जरूरी है। फिलहाल गादी आइजनकोट के चार दलों के गठबंधन के पास 48 सीटें हैं। ऐसे में उन्हें सरकार बनाने के लिए 13 और सीटों का समर्थन जुटाना होगा।
इसके लिए उनके पास दो रास्ते हैं। वह अरब पार्टियों का समर्थन ले सकते हैं या कट्टरपंथी यहूदी धार्मिक दलों को अपने गठबंधन में शामिल कर सकते हैं। फिलहाल आइजनकोट यूनाइटेड टोरा जूडिज्म और अरब पार्टी राअम का समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
हालांकि, इस फैसले से उनके गठबंधन के कुछ नेताओं की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने अरब और कट्टरपंथी यहूदी धार्मिक पार्टियों के साथ सरकार नहीं बनाने का वादा किया था। लेकिन बहुमत नहीं मिलने के कारण अब राजनीतिक दल सरकार बनाने के लिए समझौते करने पर विचार कर रहे हैं।
वहीं, डेमोक्रेट्स पार्टी के प्रमुख यायर गोलान ने अरब पार्टियों के समर्थन से अल्पमत सरकार बनाने का सुझाव दिया है। उनका मानना है कि नेतन्याहू को सत्ता से हटाने का यह एक व्यावहारिक रास्ता हो सकता है।
आइजनकोट का लिकुड पर आरोप
गादी आइजनकोट ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर नेतन्याहू की पार्टी लिकुड पर गंभीरता से बातचीत नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वह लिकुड के साथ सरकार बनाने के लिए समझौता करने को तैयार हैं, लेकिन दूसरी तरफ से कोई ठोस पहल नहीं हो रही है।
आइजनकोट के मुताबिक, पिछले दो सप्ताह में उनकी याशार पार्टी और लिकुड की बातचीत करने वाली टीमों के बीच केवल पांच बैठकें हुई हैं। उन्होंने ज्यादा बैठकें करने का सुझाव दिया था, लेकिन लिकुड ने इस पर सहमति नहीं जताई।
उन्होंने आरोप लगाया कि लिकुड तीन अहम मुद्दों पर चर्चा से बच रही है। इनमें 7 अक्टूबर 2023 के हमले की जांच के लिए सरकारी आयोग बनाना, सरकार में कट्टरपंथी नेताओं की भूमिका खत्म करना और सभी नागरिकों के लिए सैन्य या राष्ट्रीय सेवा अनिवार्य करने का कानून शामिल है।
आइजनकोट ने दावा किया कि उनका गठबंधन जांच आयोग बनाने और न्याय व्यवस्था में बदलाव जैसे मुद्दों पर समझौता करने को तैयार था, लेकिन लिकुड की तरफ से कोई ठोस प्रस्ताव नहीं आया।
6 दिसंबर तक सरकार बनाने का मौका
इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने 8 नवंबर को गादी आइजनकोट को सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके लिए उन्हें 6 दिसंबर तक का समय दिया गया है। जरूरत पड़ने पर राष्ट्रपति इस समयसीमा को 14 दिन और बढ़ा सकते हैं।
यह तारीख आइजनकोट के लिए भावनात्मक रूप से भी महत्वपूर्ण है। 7 दिसंबर को उनके बेटे गाल की मौत की तीसरी बरसी है। उनके 25 वर्षीय बेटे की गाजा में लड़ाई के दौरान मौत हुई थी।
अगर आइजनकोट समय पर बहुमत जुटाने में सफल नहीं होते हैं, तो राष्ट्रपति दोबारा बेंजामिन नेतन्याहू को सरकार बनाने का मौका दे सकते हैं। नेतन्याहू भी बहुमत हासिल नहीं कर पाए तो इजराइल में फिर आम चुनाव हो सकते हैं। आने वाले दिन देश की राजनीति के लिए काफी अहम होंगे।

