Japan Human Fridge: जापान ने बनाया एक ऐसा अनोखा फ्रिज, जो मिनटों में देगा भीषण गर्मी से राहत

जापान ने बढ़ती गर्मी और हीटवेव से बचाव के लिए ‘डू हिएमोन बॉक्स’ नाम का कूलिंग बूथ तैयार किया है। यह ह्यूमन फ्रिज एक व्यक्ति को कुछ मिनटों में ठंडक पहुंचाता है और शरीर का तापमान नियंत्रित करने में मदद करता है। इसे खासतौर पर खुले में काम करने वाले लोगों के लिए उपयोगी माना जा रहा है।

Japan Human Fridge:  यूरोप की तरह जापान भी इस साल भीषण गर्मी और रिकॉर्ड तोड़ तापमान का सामना कर रहा है। लगातार बढ़ते तापमान ने आम लोगों के साथ-साथ खुले में काम करने वाले मजदूरों और कर्मचारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तेज धूप और हीटवेव के खतरे को देखते हुए जापान में गर्मी से बचाव के लिए नई तकनीकों पर काम किया जा रहा है।

इसी कड़ी में जापान में एक खास तरह का कूलिंग बूथ पेश किया गया है, जिसे ‘डू हिएमोन बॉक्स’ (Do Hiemmon Box) नाम दिया गया है। इसे एक तरह का ह्यूमन फ्रिज कहा जा रहा है, जो कुछ ही मिनटों में शरीर को ठंडक पहुंचाने का काम करता है।

एक व्यक्ति के लिए डिजाइन किया गया कूलिंग बूथ

यह कूलिंग बूथ इस तरह बनाया गया है कि इसमें एक समय में केवल एक व्यक्ति बैठ सकता है। इसका मुख्य उद्देश्य उन लोगों को तुरंत राहत देना है, जो गर्म मौसम में लंबे समय तक बाहर काम करते हैं।

इस खास तकनीक को जापान की रेफ्रिजरेशन और वेंडिंग मशीन निर्माता कंपनी एसडीआरएस ने तैयार किया है, जबकि इंडस्ट्रियल उपकरण सप्लाई करने वाली कंपनी ट्रस्को नाकायामा इसे बाजार में उपलब्ध करा रही है।

कैसे काम करता है ‘ह्यूमन फ्रिज’?

इस कूलिंग बूथ की तकनीक जापान की प्रसिद्ध रेफ्रिजरेटेड वेंडिंग मशीनों से प्रेरित है। इंजीनियरों ने बोतलों को ठंडा रखने वाली तकनीक को विकसित कर ऐसा सिस्टम बनाया है, जो इंसानों को गर्मी से राहत देता है।

बूथ के अंदर का तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस पर नियंत्रित रखा जाता है। जैसे ही कोई व्यक्ति इसमें बैठता है, मशीन करीब 5 डिग्री सेल्सियस की ठंडी हवा शरीर के प्रमुख हिस्सों जैसे सिर, गर्दन, कंधे और पीठ पर पहुंचाती है।

5 मिनट में महसूस होने लगती है राहत

विशेषज्ञों के अनुसार शरीर के इन हिस्सों को ठंडक मिलने से शरीर का तापमान तेजी से सामान्य होने लगता है। इस बूथ का इस्तेमाल केवल कुछ मिनट करने से ही व्यक्ति को गर्मी और थकान से राहत महसूस होने लगती है।

बढ़ते तापमान के बीच नई उम्मीद

जलवायु परिवर्तन के कारण दुनिया भर में हीटवेव की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में जापान का यह ह्यूमन फ्रिज खुले में काम करने वाले लोगों, निर्माण क्षेत्र के कर्मचारियों और गर्म इलाकों में रहने वालों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

Exit mobile version