World’s Richest Person Larry Ellison: ओरेकल (Oracle) की खूब चर्चा हो रही है। कंपनी के शानदार तिमाही नतीजों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े बड़े कॉन्ट्रैक्ट्स की वजह से उसके शेयरों में जबरदस्त उछाल आया है। इसी बढ़त ने ओरेकल के को-फाउंडर लैरी एलिसन को सीधे दुनिया का सबसे अमीर व्यक्ति बना दिया। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, अब उनकी कुल संपत्ति करीब 393 अरब डॉलर तक पहुँच गई है। वहीं, टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क की नेटवर्थ घटकर 385 अरब डॉलर रह गई है।
एआई बूम से बदलती तस्वीर
ओरेकल की सफलता की असली वजह AI और क्लाउड सेवाओं की बढ़ती जरूरत है। हाल ही में कंपनी ने चार बड़े मल्टीबिलियन डॉलर के कॉन्ट्रैक्ट्स साइन किए हैं। इन कॉन्ट्रैक्ट्स ने ओरेकल को टेक्नोलॉजी की दुनिया में मजबूत पकड़ दिलाई है। बड़ी-बड़ी टेक कंपनियों और स्टार्टअप्स को कंप्यूटिंग पावर की जरूरत है और ओरेकल ने इस मांग को पूरा करने के लिए अपना क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया है। इससे निवेशकों का भरोसा और बढ़ गया है।
सबसे बड़ी एक दिन की दौलत बढ़ी
ओरेकल के शेयरों में आए उछाल से एलिसन की संपत्ति एक ही दिन में 101 अरब डॉलर बढ़ गई। यह ब्लूमबर्ग इंडेक्स के इतिहास की सबसे बड़ी सिंगल-डे दौलत वृद्धि है। अब ओरेकल का मार्केट कैप करीब 950 अरब डॉलर तक पहुँच गया है और कंपनी ट्रिलियन-डॉलर क्लबस में शामिल होने से बस कुछ कदम दूर है।
मस्क पीछे छूटे
एलन मस्क ने पहली बार 2021 में दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति का खिताब पाया था और लंबे समय तक इस पोजीशन पर बने रहे। लेकिन इस बार टेस्ला के शेयरों में गिरावट और स्पेसएक्स की वैल्यूएशन में अस्थिरता ने उन्हें पीछे कर दिया। दूसरी ओर, AI की तेज़ ग्रोथ ने एलिसन को नई ऊँचाई दी है।
दुनिया के टॉप-10 अमीर
ब्लूमबर्ग इंडेक्स के अनुसार, टॉप-10 अमीरों में लैरी एलिसन पहले, मस्क दूसरे, और मार्क जुकरबर्ग तीसरे नंबर पर हैं। इनके अलावा जेफ बेजोस, लैरी पेज, सर्गेई ब्रिन, स्टीव बाल्मर, बर्नार्ड अरनॉल्ट, जेंसन हुआंग और वॉरेन बफे शामिल हैं।
भविष्य की संभावनाएँ
विशेषज्ञों का मानना है कि AI और क्लाउड सेवाएँ आने वाले समय में टेक इंडस्ट्री का सबसे बड़ा ग्रोथ इंजन बनेंगी। ओरेकल का अनुमान है कि इस वित्तीय वर्ष में क्लाउड से लगभग 18 अरब डॉलर की आय होगी, जो 2030 तक बढ़कर 144 अरब डॉलर तक पहुँच सकती है। अगर यह अनुमान सही साबित हुआ, तो ओरेकल ट्रिलियन-डॉलर क्लब में शामिल होगा और लैरी एलिसन लंबे समय तक दुनिया के सबसे अमीर इंसान बने रह सकते हैं।