Site icon News1India

भारतीयों का नया हॉटस्पॉट बना मॉस्को, 2025 में टूरिस्ट्स की संख्या में 40% की जबरदस्त बढ़ोतरी!

Moscow News

Moscow News : रूस की राजधानी मॉस्को धीरे-धीरे भारतीय यात्रियों के लिए यूरोप का नया, बजट-फ्रेंडली और लग्ज़री अनुभव देने वाला पसंदीदा ठिकाना बनता जा रहा है। 2025 के शुरुआती छह महीनों में यहां पहुंचे भारतीय पर्यटकों की संख्या में लगभग 40% की उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पहले भारतीय सैलानियों की पसंद यूरोप, एशिया और अन्य लोकप्रिय देश हुआ करते थे, लेकिन अब मॉस्को अपनी अनोखी संस्कृति, आधुनिक सुविधाओं और बेहतरीन मेहमाननवाज़ी की वजह से एक नई पहचान बना चुका है। तो चलिए जान लेते हैं कि आखिर क्यों मॉस्को भारतीय सैलानियों की नई पहली पसंद बनता जा रहा है।

क्यों बढ़ रही भारतीयों की मॉस्को में दिलचस्पी?

मॉस्को की लोकप्रियता बढ़ने का सबसे बड़ा कारण है—इसका आसान और तेज़ ई-वीज़ा सिस्टम। पहले रूस का वीज़ा प्राप्त करना काफी पेचीदा प्रक्रिया मानी जाती थी, लेकिन अब भारतीय यात्री सिर्फ चार दिनों में ऑनलाइन वीज़ा ले सकते हैं। न होटल बुकिंग की अनिवार्यता, न ही इन्विटेशन लेटर की झंझट।

इसके साथ ही भारत से मॉस्को के बीच उपलब्ध सीधी उड़ानें, किफायती टूर पैकेज, और शहर में भारतीयों के लिए जारी ‘इंडियन वाइब्स इन मॉस्को’ गाइड, जिसमें करीबी मंदिरों, भारतीय रेस्टोरेंट्स और घूमने की खास जगहों की जानकारी दर्ज है—ये सभी भारतीय यात्रियों को मॉस्को की ओर खींच रहे हैं।

भारत–रूस की पुरानी दोस्ती भी निभा रही अहम भूमिका

भारत और रूस का दशकों पुराना मजबूत रिश्ता भी इस पर्यटन वृद्धि की बड़ी वजह है। मॉस्को में भारतीय संगीत, योग और बॉलीवुड की लोकप्रियता आज भी कायम है। हर साल इंडिया फेस्ट, योग दिवस और कई सांस्कृतिक आयोजनों में लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।

यह भी पढ़ें : NDA को स्पष्ट बहुमत, नीतीश कुमार पाँचवें कार्यकाल के लिए तैयार…

2025 के “समर इन मॉस्को” फेस्टिवल में भी भारतीय संस्कृति से जुड़ी कई प्रस्तुतियाँ और कार्यक्रम हुए, जिसने भारतीय पर्यटकों को अपनेपन और सांस्कृतिक जुड़ाव का अनुभव कराया।

होटल बुकिंग में बंपर टूरिज्म 

2025 के पहले सात महीनों में मॉस्को के होटलों में विदेशी पर्यटकों की मौजूदगी में 14% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हैरानी की बात यह है कि प्रीमियम और लग्ज़री होटलों में सबसे ज्यादा बुकिंग भारतीय यात्रियों द्वारा की गई। रिपोर्ट्स बताती हैं कि गर्मियों में 94% होटल बुकिंग गैर-CIS देशों के पर्यटकों की थी, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 85% था।

मॉस्को सरकार भी भारतीय पर्यटन उद्योग से मजबूत साझेदारी बनाने पर जोर दे रही है। मॉस्को टूरिज्म कमेटी ने भारत के कई बड़े ट्रैवल इवेंट्स में भाग लिया है। इसके अलावा, OTOAI कन्वेंशन 2025 भी मॉस्को में आयोजित किया गया, जिसमें भारत के 250 से अधिक टूर ऑपरेटर और ट्रैवल प्रोफेशनल शामिल हुए।

Exit mobile version