तस्करी रोकने के लिए Nepal सरकार का बड़ा कदम, भारत से सामान लाने पर कस्टम शुल्क लागू

Nepal सरकार ने India से 100 रुपये से अधिक का सामान लाने पर कस्टम शुल्क लगाने का फैसला किया है। कई दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर प्रतिबंध भी लगाया गया है, जिससे सीमा क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। इस फैसले के बाद बनगवां जैसे सीमा बाजारों में सन्नाटा देखने को मिला है और व्यापार पर असर पड़ा है।

Nepal News: नेपाल सरकार ने भारत से सामान खरीदकर लाने वाले नागरिकों पर कस्टम शुल्क लगाने का बड़ा फैसला लिया है। इस नए नियम के लागू होते ही सीमा क्षेत्रों में हलचल तेज हो गई है। गौरीफंटा–त्रिनगर बॉर्डर पर स्थित भंसार (कस्टम) कार्यालय की ओर से सूचना बोर्ड पर नोटिस चस्पा कर नागरिकों को नए नियमों की जानकारी दी गई है। सशस्त्र पुलिस बल और सीमा सुरक्षा एजेंसियां भी लोगों को लगातार जागरूक कर रही हैं कि भारत से नेपाल लाए जाने वाले कई सामानों पर अब सख्त नियम लागू हो चुके हैं।

100 रुपये से अधिक के सामान पर देना होगा शुल्क

नई नीति के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति भारत से 100 रुपये से अधिक का सामान नेपाल लेकर जाता है, तो उसे कस्टम शुल्क देना होगा। नेपाल सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य तस्करी पर रोक लगाना और सरकारी राजस्व में वृद्धि करना है। हालांकि इस फैसले से सीमा क्षेत्रों में रहने वाले गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि वे अक्सर दैनिक उपयोग का सामान भारत से खरीदते रहे हैं।

कई वस्तुओं पर पूरी तरह प्रतिबंध

भंसार कार्यालय द्वारा जारी नोटिस में कई वस्तुओं को पूरी तरह प्रतिबंधित श्रेणी में रखा गया है। इनमें खाने का तेल, डालडा, पेय पदार्थ, सुर्ती, मछली, मांस, अचार, अंडा, नशीली दवाएं, जाली करेंसी, अश्लील सामग्री, अवैध हथियार, विस्फोटक पदार्थ, वन्यजीव और उनके अंग, खाल तथा हानिकारक रसायन शामिल हैं। इन वस्तुओं को सीमा पार ले जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

तस्करी रोकने और राजस्व बढ़ाने पर सरकार का फोकस

नेपाल सरकार का मानना है कि इस फैसले से सीमा पार होने वाली अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी और देश के राजस्व में बढ़ोतरी होगी। वहीं सशस्त्र पुलिस बल के जवान भारत जाने वाले लोगों को सलाह दे रहे हैं कि वे अनावश्यक सामान खरीदकर नेपाल न लाएं।

बनगवां बाजार में दिखा असर

नेपाल सीमा से सटे बनगवां बाजार में इस फैसले का असर साफ दिखाई दिया। आमतौर पर नेपाली ग्राहकों की भीड़ से गुलजार रहने वाला यह बाजार आज लगभग सुनसान नजर आया। नेपाली ग्राहकों के नहीं आने से भारतीय दुकानदारों के व्यापार पर सीधा असर पड़ा है और बाजार में चिंता का माहौल देखा गया।

Exit mobile version