Pakistan Political Wedding Sparks Fashion Debate: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ के पोते और पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज़ के बेटे जुनैद सफदर ने वरिष्ठ राजनेता शेख़ रोहैल असगर की पोती शंज़े अली रोहैल से शादी कर ली है। यह शादी लाहौर में हुई, लेकिन इसकी चर्चा पाकिस्तान से लेकर सोशल मीडिया तक हर जगह हो रही है। वजह सिर्फ यह शादी नहीं, बल्कि इसमें दुल्हन द्वारा चुने गए भारतीय डिजाइनरों के कपड़े भी हैं।
लाहौर में शरीफ़ परिवार के जती उमरा आवास पर आयोजित मेहंदी समारोह में शंज़े अली रोहैल ने मशहूर भारतीय डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी का डिजाइन किया हुआ हरे रंग का लहंगा पहना। इस लहंगे में बारीक कारीगरी, सुनहरी बॉर्डर और गहरे हरे व गुलाबी रंगों का खूबसूरत मेल नजर आया। पारंपरिक अंदाज़ और शाही लुक ने सभी का ध्यान खींचा।
निकाह में शामिल हुए बड़े नेता
मेहंदी के बाद शनिवार को निकाह की रस्म अदा की गई। इस खास मौके पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और उप प्रधानमंत्री इशाक डार जैसे कई बड़े राजनीतिक चेहरे मौजूद रहे। मुख्य शादी समारोह में दुल्हन ने एक और भारतीय डिजाइनर तरुण तहिलियानी की डिजाइन की हुई लाल साड़ी पहनी, जिसने भी खूब सुर्खियां बटोरीं।
सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल
शादी की तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं। इसके साथ ही बहस भी शुरू हो गई। कई लोगों ने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी और राजनीतिक रूप से अहम पाकिस्तानी शादी में भारतीय डिजाइनरों को क्यों चुना गया। कुछ यूजर्स का कहना था कि पाकिस्तान में भी कई शानदार फैशन डिजाइनर हैं, जो देश की संस्कृति को बेहतर ढंग से दिखा सकते थे।
भारतीय डिजाइनरों को चुनने पर सवाल
सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि दुल्हन ने जानबूझकर पाकिस्तानी डिजाइनरों को नजरअंदाज किया। एक यूजर ने लिखा कि पाकिस्तान में एचएसवाई, नोमी अंसारी, ज़ारा शाहजहां और मारिया बी. जैसे बड़े नाम मौजूद हैं, फिर भी भारतीय डिजाइनर को चुना गया। वहीं, कुछ लोगों ने इसे औसत फैसला बताया और कहा कि स्थानीय डिजाइनर ज्यादा बेहतर विकल्प हो सकते थे।
दुल्हन के समर्थन में भी आवाजें
हालांकि, इस बहस के बीच कई लोग शंज़े अली रोहैल के समर्थन में भी सामने आए। उनका कहना था कि फैशन की कोई सीमा नहीं होती और पहनावे का फैसला पूरी तरह निजी होता है। कुछ यूजर्स ने यह भी याद दिलाया कि कई भारतीय दुल्हनें और सेलिब्रिटी पाकिस्तानी डिजाइनरों के कपड़े पहनती हैं, तो इसमें गलत क्या है।
एक यूजर ने लिखा कि यह 2026 है और अब लोगों को दुल्हन की पसंद पर सवाल उठाना बंद कर देना चाहिए। शादी का खर्च दुल्हन या उसका परिवार उठाता है, इसलिए पहनावे का फैसला भी उन्हीं का होना चाहिए।
पहले भी हो चुका है ऐसा विवाद
यह पहला मौका नहीं है जब शरीफ़ परिवार को इस तरह की आलोचना का सामना करना पड़ा हो। दिसंबर 2024 में मरियम नवाज़ को भी अपने भतीजे की शादी में सब्यसाची की डिजाइन की हुई पोशाक पहनने पर सोशल मीडिया पर सवालों का सामना करना पड़ा था।


