Site icon News1India

Phuket Fire : थाईलैंड के टूरिस्ट शहर में भीषण आग, 11 की मौत; 16 लोग घायल, कैसे मची तबाही?

Phuket Fire: थाईलैंड के प्रमुख पर्यटन स्थल फुकेट के पटोंग इलाके में सोमवार तड़के एक कमर्शियल शॉप हाउस में भीषण आग लग गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 घायल हुए हैं। आग सुबह करीब 3:17 बजे लगी। जिस इमारत में आग लगी, वहां पर्यटकों को किराये पर गाड़ियां देने का कारोबार होता था। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की इमारतें भी इसकी चपेट में आ गईं। राहत की बात रही कि मृतकों और घायलों में कोई पर्यटक शामिल नहीं था।

जहरीले धुएं से गई जान

पटोंग म्युनिसिपैलिटी के डिप्टी मेयर सनाकोर्न कीसिन के मुताबिक, इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर 100 से ज्यादा मोटरसाइकिलें खड़ी थीं। आग ने इन्हें अपनी चपेट में ले लिया और तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। बाइकों के ईंधन, टायर और प्लास्टिक के हिस्सों से निकले घने धुएं ने लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं दिया। ज्यादातर मृतकों की मौत जहरीले धुएं में सांस लेने से हुई। उनके शव तीसरी और पांचवीं मंजिल पर मिले।

पांच मिनट में पहुंची टीम

आग की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, बचाव दल और एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया। बारिश के बावजूद आपातकालीन टीमें करीब पांच मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गईं। आग में फंसे लोगों को निकालने और लपटों पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो घंटे की कोशिश के बाद आग बुझाई जा सकी। घायलों में 15 थाई नागरिक और एक म्यांमार का नागरिक शामिल है।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

शुरुआती जांच में बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह माना जा रहा है। आशंका है कि बिजली की चिंगारियां पास खड़ी मोटरसाइकिलों पर गिरीं, जिससे आग भड़क गई। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक कारण की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। हादसे में पांच कमर्शियल यूनिट और 100 से ज्यादा मोटरसाइकिलें जलकर राख हो गईं। पुलिस और दमकल विभाग ने इमारत का सुरक्षा निरीक्षण भी किया है।

 

Exit mobile version