RBI gold reserve repatriation: भारतीय रिजर्व बैंक ने विदेशों में रखा 60 टन से ज्यादा सोना भारत मंगा लिया है। अब देश का 84 प्रतिशत सोना भारत की तिजोरियों में सुरक्षित है। ब्रिटेन ने रूस के खतरे को देखते हुए रिजर्व सैनिकों को तैयार रहने को कहा है।
सोने की घर वापसी
भारत ने एक ऐसा कदम उठाया है जो आने वाले बड़े तूफान से देश को बचाने वाला है। भारतीय रिजर्व बैंक ने विदेशों में रखा अपना 60 टन से ज्यादा सोना वापस भारत मंगा लिया है। इससे अब भारत के कुल सोने के भंडार का 84 प्रतिशत हिस्सा देश के अंदर ही सुरक्षित रख लिया गया है। भारत का लगभग 740 टन सोना अब भारत की तिजोरियों में रखा गया है।
ब्रिटेन में था सोना
इससे पहले भारत के सोने का एक बड़ा हिस्सा बैंक ऑफ इंग्लैंड में था और कुछ टन सोना स्विट्जरलैंड के बैंक की तिजोरियों में रखा था। अब बस भारत का थोड़ा सोना यूरोप में बचा है। भारत ने यह कदम रूस से सीख लेते हुए उठाया है, ताकि आने वाले किसी भी संकट से निपटा जा सके। 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद अमेरिका, यूरोपीय संघ, ब्रिटेन और स्विट्जरलैंड जैसे पश्चिमी देशों ने रूस के सेंट्रल बैंक की लगभग 300 अरब की प्रॉपर्टी फ्रीज़ कर दी थी। लेकिन रूस ने युद्ध से कई साल पहले ही अपना लगभग सारा फिजिकल गोल्ड विदेशों से निकालकर रूस की तिजोरियों में रख लिया था। रूस ने अपने सोने का इस्तेमाल कैश की तरह किया और युद्ध का खर्चा इसी से निकाला। रूस ने लंदन और न्यूयॉर्क के बाजारों को छोड़कर अपना पूरा व्यापार एशिया और मध्य पूर्व की तरफ मोड़ दिया।
ब्रिटेन का फैसला
खबरें हैं कि रूस ब्रिटेन के खिलाफ बड़ा एक्शन ले सकता है। रूस के खतरे को देखते हुए ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने एक लाख रिजर्व सैनिकों से कहा है कि जंग के लिए तैयार रहो। कोल्ड वॉर खत्म होने के बाद ब्रिटेन ने पहली बार अपने रिजर्व सैनिकों को जंग के लिए बुलाया है।
सोना फंसने का खतरा
अगर भारत समय रहते बैंक ऑफ इंग्लैंड में जमा अपना सोना वापस नहीं मंगाता और रूस और ब्रिटेन का सीधा संघर्ष शुरू हो जाता, तो भारत का कई टन सोना फंस सकता था। मगर भारत ने समय रहते ही अपने सोने की घर वापसी करवा दी है।

