Site icon News1India

Diwali Controversy : कहां हुआ दिवाली समारोह में हंगामा, किसने लहराए हिंदुओं को देश से निकालने के पोस्टर?

International News: अमेरिका में दिवाली के जश्न के दौरान उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब कट्टर दक्षिणपंथी एक्टिविस्ट जेक लैंग अपने समर्थकों के साथ सिएटल में आयोजित समारोह में पहुंच गया। प्रदर्शनकारियों ने हिंदुओं के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्टर दिखाए और उन्हें अमेरिका से बाहर निकालने की मांग की। पोस्टर पर लिखा था, ‘सभी डॉट हेड्स को देश से बाहर निकालो’। अमेरिका में नस्लवादी लोग हिंदुओं को निशाना बनाने के लिए इस अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल करते हैं।

हिंदू समुदाय पर निशाना

जेक लैंग और उसके समर्थक शनिवार को दिवाली समारोह में पहुंचे थे। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और पूछताछ की। बाद में लैंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना की तस्वीरें साझा कीं। उसने दावा किया कि समारोह में मौजूद लोगों ने उस पर और उसके समर्थकों पर हमला किया। लैंग ने सोशल मीडिया पर हिंदू समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कीं।

कौन है जेक लैंग?

जेक लैंग अमेरिका का कट्टर दक्षिणपंथी एक्टिविस्ट है और व्हाइट रिप्लेसमेंट नाम का संगठन चलाता है। वह 6 जनवरी 2021 को अमेरिकी संसद भवन यानी कैपिटल पर हुए हमले में शामिल था। इस मामले में उसे चार साल जेल में रहना पड़ा था।

हालांकि, जनवरी 2025 में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले दिन उसे माफी दे दी थी।
व्हाइट हाउस में दिवाली

सिएटल में विवाद के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में भारतीय समुदाय के लोगों के साथ दिवाली मनाई। इस दौरान उन्होंने दीया जलाया। ट्रंप को हनुमान चालीसा की एक प्रति भी भेंट की गई।

वाशिंगटन राज्य के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने भी भारतीय समुदाय के साथ दिवाली मनाई। फर्ग्यूसन ने 8 नवंबर को वाशिंगटन राज्य में दिवाली को ‘रोशनी का त्योहार’ घोषित किया। उन्होंने भारतीय-अमेरिकी समुदाय के राज्य के विकास में योगदान की सराहना की।

मंदिर पर हमले की साजिश

अमेरिका में हिंदू समुदाय को निशाना बनाने की घटना ऐसे समय सामने आई है, जब शिकागो के पास एक हिंदू मंदिर पर गोलीबारी की कथित साजिश का मामला भी सामने आया था। इस मामले में 19 वर्षीय एलेक्जेंड्रोस पापोराकिस को गिरफ्तार किया गया। उस पर मंदिर में बड़े पैमाने पर गोलीबारी की योजना बनाने का आरोप है। रिपोर्ट के मुताबिक, वह नाजी विचारधारा से प्रभावित था।

चुनाव पर भी लगाए आरोप

लैंग ने मिडटर्म चुनावों के नतीजों पर भी सवाल उठाए हैं। उसने टेक्सास और कंसास जैसे राज्यों में रिपब्लिकन पार्टी का प्रभाव कमजोर होने पर चुनावी धांधली का आरोप लगाया। साथ ही 3 जनवरी 2027 को वाशिंगटन डीसी में कैपिटल के बाहर प्रदर्शन करने का आह्वान किया है। हालांकि, चुनाव में गड़बड़ी के उसके आरोपों के समर्थन में कोई प्रमाण सामने नहीं आया है।

Exit mobile version