Site icon News1India

Iran Flight: उड़ान भरते ही विमान में आई खराबी, लैंडिंग के दौरान टूटी छत यात्रियों पर गिरी, मची चीख-पुकार

ईरान में मंगलवार को सेपेहरान एयरलाइंस के एक बोइंग 737 विमान में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। मशहद से करमांशाह जा रही उड़ान ने टेकऑफ के कुछ ही देर बाद परेशानी का सामना किया। स्थिति बिगड़ने पर पायलटों ने विमान को वापस मशहद एयरपोर्ट ले जाने का फैसला किया।

उड़ान के बाद आई खराबी

रिपोर्ट के मुताबिक, विमान के उड़ान भरने के कुछ समय बाद तकनीकी समस्या सामने आई। शुरुआती जानकारी में विमान के एक पहिए के टायर में खराबी या उसके निकलने की बात कही गई है। इसके बाद इंजन में भी समस्या और विमान में तेज कंपन होने की जानकारी सामने आई। हालांकि, तकनीकी खराबी की अंतिम वजह अभी आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं है।

छत के पैनल टूटे

विमान की लैंडिंग के दौरान तेज कंपन की वजह से केबिन की छत के कुछ अंदरूनी पैनल टूटकर नीचे गिरने लगे। ओवरहेड कंपार्टमेंट भी क्षतिग्रस्त हुए और कुछ सामान यात्रियों के ऊपर गिर गया। घटना के वीडियो में यात्री घबराए हुए दिखाई दे रहे हैं। OneIndia के मुताबिक, वीडियो में कुछ लोगों को कथित तौर पर ‘या अली’ कहते हुए भी सुना गया।

सुरक्षित हुई आपात लैंडिंग

पायलटों ने विमान को वापस मशहद एयरपोर्ट ले जाकर आपात लैंडिंग कराई। राहत की बात रही कि शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। विमान रुकने के बाद सभी यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

दूसरी उड़ान से भेजे यात्री

सेपेहरान एयरलाइंस के प्रवक्ता हसन जाफरी के अनुसार, सभी यात्री सुरक्षित विमान से उतर गए। इसके बाद यात्रियों को दूसरी फ्लाइट के जरिए उनकी मंजिल करमांशाह भेजा गया। घटना के बाद मशहद एयरपोर्ट के रनवे को कुछ समय के लिए जांच के लिए बंद किया गया और बाद में दोबारा खोल दिया गया।

एयरलाइन की हालिया दूसरी घटना

सेपेहरान एयरलाइंस के विमान से जुड़ी यह घटना कुछ ही समय में दूसरी बड़ी घटना बताई जा रही है। इससे पहले 25 अगस्त को तेहरान से मशहद जा रहा इसी एयरलाइन का बोइंग 737-500 विमान लैंडिंग के बाद रनवे से बाहर निकल गया था। उस विमान में 127 लोग सवार थे और सभी के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई थी।

Exit mobile version