Trump Media: ट्रम्प की मीडिया कंपनी को 2200 करोड़ का घाटा , क्यों Truth Social की कमाई हुई बेहद कम

ट्रम्प की मीडिया कंपनी TMTG को दूसरी तिमाही में करीब 2,200 करोड़ रुपए का घाटा हुआ। छह महीने का नुकसान 6,000 करोड़ रुपए पहुंच गया, जबकि कंपनी की कमाई बेहद कम रही और रणनीति में बदलाव जारी है।

Trump Media financial loss 2026: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से जुड़ी मीडिया कंपनी Trump Media & Technology Group (TMTG) को इस साल लगातार भारी नुकसान हो रहा है। कंपनी, जो Truth Social सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की मालिक है, ने 2026 की दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए हैं। अप्रैल से जून के बीच कंपनी को करीब 238.1 मिलियन डॉलर यानी लगभग 2,200 करोड़ रुपए का शुद्ध घाटा हुआ। इसके मुकाबले कंपनी की कुल कमाई सिर्फ 1.7 मिलियन डॉलर यानी करीब 16 करोड़ रुपए रही।

छह महीने में बड़ा नुकसान

कंपनी की हालत सिर्फ दूसरी तिमाही तक सीमित नहीं है। जनवरी से जून 2026 तक यानी छह महीनों में TMTG का कुल घाटा करीब 644 मिलियन डॉलर, भारतीय मुद्रा में लगभग 6,000 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की कुल आय लगभग 2.5 मिलियन डॉलर रही। पहली तिमाही में भी कंपनी को करीब 405.9 मिलियन डॉलर का नुकसान हुआ था, जबकि उस समय कमाई केवल 871,000 डॉलर के आसपास थी।

घाटे की बड़ी वजह

कंपनी के मुताबिक, इस भारी नुकसान का बड़ा हिस्सा उसके डिजिटल एसेट्स और निवेशों की कीमत में गिरावट से जुड़ा है। दूसरी तिमाही में करीब 190.4 मिलियन डॉलर का गैर-नकद नुकसान डिजिटल एसेट्स और इक्विटी सिक्योरिटीज की वैल्यू घटने से हुआ। यानी घाटे का पूरा हिस्सा कंपनी के रोजमर्रा के कारोबार से पैदा नहीं हुआ है। इसके अलावा ब्याज, शेयर आधारित भुगतान और कानूनी खर्चों ने भी नुकसान बढ़ाया।

नई रणनीति पर कंपनी

लगातार नुकसान के बीच TMTG अब अपनी रणनीति में बदलाव कर रही है। कंपनी ने कई नए कारोबारों में किए गए विस्तार को सीमित करने और अपने मुख्य सोशल मीडिया कारोबार पर ज्यादा ध्यान देने का फैसला किया है। साथ ही Truth Social के कंटेंट को कारोबार से जोड़ने के लिए Truth API शुरू किया गया है। इसके जरिए ट्रेडिंग कंपनियों को ट्रम्प और अन्य यूजर्स की पोस्ट तक तेज पहुंच देने की योजना है।

न्यूक्लियर फ्यूजन पर दांव

TMTG अब सोशल मीडिया के अलावा न्यूक्लियर फ्यूजन एनर्जी के क्षेत्र में भी बड़ा दांव लगा रही है। कंपनी TAE Technologies के साथ करीब 6 अरब डॉलर के विलय की दिशा में आगे बढ़ रही है। प्रबंधन का मानना है कि यह सौदा भविष्य में कंपनी के कारोबार को अलग दिशा दे सकता है। हालांकि, फिलहाल कमाई और घाटे के आंकड़े बताते हैं कि कंपनी के सामने वित्तीय प्रदर्शन सुधारने की बड़ी चुनौती बनी हुई है।

Exit mobile version