अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिकी सेना ने मंगलवार को ईरान के केशम द्वीप पर इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की मिसाइल लॉन्च साइट पर हमला किया। अमेरिकी सैन्य अधिकारी के मुताबिक, इस कार्रवाई में लड़ाकू विमानों ने सटीक निशाना लगाने वाले हथियारों का इस्तेमाल किया। अमेरिका ने इसे आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई बताया है।
बहरीन में ईरान का पलटवार
अमेरिकी हमले के बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई की। ईरान ने बहरीन में अमेरिका से जुड़े शेख ईसा एयर बेस को ड्रोन से निशाना बनाया। रॉयटर्स के अनुसार, अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि केशम द्वीप पर हमला IRGC की उस आक्रामकता के जवाब में किया गया, जिसमें अमेरिकी सैन्य कर्मियों और संपत्तियों को निशाना बनाया जा रहा था।
ईरान ने क्या बताया?
ईरान के होर्मोजगान प्रांत के डिप्टी गवर्नर अहमद नफीसी ने भी केशम द्वीप पर अमेरिकी हमले की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि द्वीप पर पांच से छह विस्फोटों की आवाज सुनी गई। हालांकि, हमले में किसी आवासीय इमारत, व्यावसायिक प्रतिष्ठान या बुनियादी ढांचे को नुकसान नहीं पहुंचा। उनके मुताबिक, स्थिति नियंत्रण में है और आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया है।
होर्मुज पर बढ़ा तनाव
यह सैन्य कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य के पास हुई है। यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। यहां किसी भी तरह का सैन्य तनाव अंतरराष्ट्रीय तेल व्यापार और समुद्री परिवहन को प्रभावित कर सकता है। फिलहाल अमेरिका और ईरान के बीच टकराव जारी है और दोनों पक्षों की सैन्य गतिविधियों पर दुनिया की नजर बनी हुई है।

