थाईलैंड का मशहूर पर्यटन शहर पटाया इन दिनों अमेरिकी नौसेना के विशाल विमानवाहक पोत USS Abraham Lincoln के पहुंचने के बाद चर्चा में है। जहाज पर करीब 5 हजार अमेरिकी नाविक और मरीन कमांडो सवार हैं।
पटाया पहुंचा पोत
अमेरिकी नौसेना का विमानवाहक पोत USS Abraham Lincoln बुधवार सुबह पटाया के पास स्थित लाएम चाबांग बंदरगाह पर पहुंचा। जहाज पर करीब 5,000 अमेरिकी नाविक और मरीन कमांडो मौजूद हैं। ये सैनिक 200 से ज्यादा दिन समुद्र में बिताने के बाद आराम के लिए पटाया पहुंचे हैं। सैनिकों के आने से पहले ही स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। पुलिस को आशंका है कि बड़ी संख्या में विदेशी सैनिकों के शहर में आने से नाइटलाइफ और पर्यटन क्षेत्रों में अतिरिक्त भीड़ बढ़ सकती है।
पुलिस की बढ़ी गश्त
अमेरिकी सैनिकों के पहुंचने की खबर के बाद पटाया पुलिस ने बीच और नाइटलाइफ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने हाल में वीकेंड पर कार्रवाई करते हुए करीब 40 से 50 लोगों को वेश्यावृत्ति के संदेह में हिरासत में लिया। पटाया के पुलिस प्रमुख अनेख स्राथोंगयू ने भी माना कि सैनिकों के आने के बाद सेक्स ट्रेड को नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। थाईलैंड में वेश्यावृत्ति कानूनी तौर पर प्रतिबंधित है, लेकिन पटाया में इससे जुड़ी गतिविधियां लंबे समय से चर्चा में रही हैं।
कारोबारियों में खुशी
जहां पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था की चुनौती है, वहीं स्थानीय कारोबारियों के लिए अमेरिकी सैनिकों का आना बड़ा आर्थिक अवसर माना जा रहा है। पटाया की अर्थव्यवस्था पर्यटन, होटल और मनोरंजन कारोबार पर काफी निर्भर है। शहर के मेयर पोरामासे गंपिचेस के अनुमान के मुताबिक, एक अमेरिकी सैनिक रोजाना करीब 30 से 91 डॉलर तक खर्च कर सकता है। इससे होटल, रेस्टोरेंट, बार और दुकानों को फायदा मिलने की उम्मीद है। सैनिकों की छुट्टियां अलग-अलग चरणों में होने के कारण कारोबारियों को कई दिनों तक इसका लाभ मिल सकता है।
युद्ध से पुराना रिश्ता
पटाया और अमेरिकी सैनिकों का संबंध नया नहीं है। वियतनाम युद्ध के दौर में अमेरिकी सैनिक आराम और मनोरंजन के लिए इस छोटे से मछुआरा गांव में आने लगे थे। इसके बाद पटाया धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हुआ। शहर की नाइटलाइफ और सेक्स टूरिज्म को लेकर भी लंबे समय से विवाद और चर्चाएं होती रही हैं। यही वजह है कि अमेरिकी सैनिकों की बड़ी मौजूदगी के दौरान स्थानीय प्रशासन सुरक्षा और निगरानी को लेकर अतिरिक्त सतर्क रहता है।
200 दिन समुद्र में
USS Abraham Lincoln की मौजूदा तैनाती भी बेहद लंबी रही है। यह विमानवाहक पोत पिछले साल नवंबर में सैन डिएगो से रवाना हुआ था और बाद में पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इसकी तैनाती की गई। जहाज पर मौजूद सैनिकों ने 200 से ज्यादा दिन समुद्र में बिताए हैं। इतनी लंबी तैनाती को लेकर अमेरिकी सांसदों ने भी चिंता जताई थी। रिपोर्टों में लंबे समय तक तैनाती से सैनिकों पर मानसिक दबाव की बात सामने आई थी। अब पटाया में उन्हें कुछ समय आराम का मौका मिला है। दूसरी ओर, स्थानीय पुलिस किसी भी कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
