Rare Gold Coins: किस्मत कब और कैसे बदल जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। इंग्लैंड के कॉर्नवाल स्थित पेनजेंस शहर में एक विधवा महिला के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। पति की मौत के बाद वह आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रही थी। इसी दौरान उसने घर के गार्डन में बने शेड और स्टोर रूम की सफाई शुरू की। वहां उसे एक पुराना कार्डबोर्ड बॉक्स मिला। इसके अंदर धूल से भरा बिस्किट का डिब्बा रखा था। महिला को नहीं पता था कि इस डिब्बे में करोड़ों का खजाना छिपा है।
डिब्बे में मिले सिक्के
महिला उस डिब्बे को स्थानीय नीलामी घर लीज ऑक्शनियर्स लेकर पहुंची। शुरुआत में यह सामान्य घरेलू सामान जैसा दिखाई दिया। इसके ऊपर कुछ घरेलू वस्तुएं और चांदी के सिक्के रखे थे। लेकिन विशेषज्ञों ने जब इसकी बारीकी से जांच की तो चांदी के सिक्कों के नीचे सोने के सिक्कों का बड़ा संग्रह मिला। इनमें कुल 62 दुर्लभ सोने के सिक्के थे, जो अपनी मूल मिंट पैकेजिंग में सुरक्षित रखे गए थे।
50 साल पुराना निवेश
‘द इंडिपेंडेंट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला के पति ने वर्ष 1975 में ये सिक्के खरीदे थे। उस समय ब्रिटेन में आर्थिक संकट और महंगाई का दौर था। भविष्य की आर्थिक सुरक्षा के लिए उन्होंने प्रत्येक सिक्के पर करीब 70 से 80 पाउंड खर्च किए थे। खास बात यह है कि उन्होंने इस निवेश के बारे में परिवार को भी नहीं बताया था। सिक्कों को बिस्किट के डिब्बे में रखकर शेड में छिपा दिया था।
नीलामी में करोड़ों मिले
जब 62 सिक्कों की नीलामी हुई तो ब्रिटेन के कई हिस्सों से खरीदार और निवेशक पहुंचे। इनके लिए जमकर बोलियां लगीं और पूरा संग्रह 1,13,000 पाउंड में बिक गया। भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक है। नीलामी से मिली पूरी रकम महिला को सौंप दी गई। पति की मौत के बाद आर्थिक परेशानियों से गुजर रही महिला के लिए यह छिपा हुआ निवेश बड़ी राहत बन गया।












