विदु विनोद चोपड़ा की 1989 में रिलीज हुई क्राइम थ्रिलर परिंदा को आज 36 साल पूरे हो गए हैं। जैकी श्रॉफ, अनिल कपूर, नाना पाटेकर और माधुरी दीक्षित जैसे सितारों से सजी यह फिल्म भारतीय सिनेमा में एक माइलस्टोन मानी जाती है। इस खास मौके पर अनिल कपूर ने फिल्म से जुड़ी यादों को ताज़ा करते हुए एक पोस्ट शेयर किया। अनिल ने सोशल मीडिया पर फिल्म के अपने कुछ स्टिल्स पोस्ट शेयर किए हैं.
तस्वीरों के साथ अनिल कपूर ने लिखा कि परिंदा भले ही तीन दशक पहले पर्दे पर आई थी, लेकिन आज भी दर्शकों के दिलों में पहले की तरह बसती है। उन्होंने बताया कि फिल्म बनाते वक्त उनकी कोशिश एक ऐसी कहानी पेश करने की थी जिसे आने वाली पीढ़ियां भी गर्व से देखें और कहें, “क्या फिल्म बनाई है!”
अनिल कपूर ने अपने पोस्ट में यह भी उम्मीद जताई कि जल्द ही उनका नाती वायु (सोनम कपूर का बेटा) भी यह फिल्म देखेगा। उनका कहना था, “36 साल बाद भी, परिंदा उसी दिल से धड़कती है।” अनिल के पोस्ट पर फैंस का भी प्यार उमड़ पड़ा। किसी ने लिखा, “सर, बचपन से इस फिल्म को पसंद करते आए हैं,” तो किसी ने कमेंट किया, “ग्रेट फिल्म… शानदार किरदार और कहानी।”
वहीं, विदु विनोद चोपड़ा फिल्म्स ने भी इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर 36 साल पूरे होने पर फिल्म को सेलिब्रेट किया। कैप्शन में लिखा गया, “ब्रदरहुड, बिट्रेयल. ब्रिलियंस… सिनेमाई मास्टरपीस परिंदा के 36 साल।” वर्कफ्रंट की बात करें तो अनिल कपूर के पास इस वक्त कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। वह जल्द ही सुरेश त्रिवेणी की फिल्म सूबेदार में दिखेंगे, जिसमें वह अर्जुन मौर्य के किरदार में नजर आएंगे। इसी फिल्म में राधिका मदान भी अहम भूमिका निभा रही हैं।




 





