Site icon News1India

Factory Fire : कानपुर की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, ड्रमों में धमाकों से दहला औद्योगिक क्षेत्र

Kanpur Chemical Factory Fire

उत्तर प्रदेश के कानपुर में मंगलवार रात एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया। महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा स्थित यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में केआईटी कॉलेज के पीछे निकोलम पिगमेंट्स एंड इंक फैक्ट्री में रात करीब नौ बजे आग लगी। कुछ ही देर में लपटें इतनी ऊंची हो गईं कि करीब एक किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगीं। फैक्ट्री में रखे केमिकल और ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैल गई।

ड्रमों में हुए धमाके

आग फैक्ट्री में रखे केमिकल से भरे ड्रमों तक पहुंची तो उनमें एक के बाद एक कई धमाके होने लगे। तेज लपटों और जहरीले धुएं के कारण दमकलकर्मियों को अंदर पहुंचने में परेशानी हुई। शुरुआत में आठ दमकल गाड़ियों को आग बुझाने के लिए लगाया गया, लेकिन हालात बिगड़ने पर जिले के सभी फायर स्टेशनों से वाहन बुलाए गए। देर रात तक करीब 15 दमकल गाड़ियां राहत और बचाव कार्य में जुटी थीं। आसपास के जिलों से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाने की तैयारी की गई।

30 फैक्ट्रियां कराईं खाली

आग और जहरीली गैस फैलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने आसपास की 30 से अधिक फैक्ट्रियों में काम बंद करा दिया। वहां मौजूद कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों को भी घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी गई। केमिकल जलने से इलाके में तेज रासायनिक गंध फैल गई थी। एहतियात के तौर पर लोगों को करीब 100 मीटर दूर किया गया। सुरक्षा के लिए पीएसी की एक प्लाटून भी तैनात की गई।

ढाई घंटे में 80 फीसदी काबू

दमकलकर्मियों को रात करीब 11:20 बजे तक फैक्ट्री के गेट के आसपास आग बुझाने में मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद टीमें अंदर पहुंचीं और छतों से पानी की बौछार शुरू की। करीब ढाई घंटे की कोशिश के बाद लगभग 80 प्रतिशत आग पर काबू पाने की जानकारी दी गई। हालांकि, फैक्ट्री के अंदर आग बुझाने का अभियान जारी रहा।

कर्मचारी पहले ही जा चुके थे

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री की मालिक अनुराधा त्यागी हैं। यहां 10 से 12 कर्मचारी काम करते हैं। फैक्ट्री में काम का समय सुबह 10 से शाम पांच बजे तक है। मंगलवार को कर्मचारी शिफ्ट खत्म होने के बाद घर जा चुके थे। रात नौ बजे आग लगी, इसलिए उस समय कोई कर्मचारी अंदर मौजूद नहीं था। शुरुआती जानकारी में किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली। एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद किया जाएगा।

Exit mobile version