Site icon News1India

Kanpur Murder Case: कातिल नौकर से सैकड़ों कॉल ,नए सिम और करोड़ों की संपत्ति, बेटे की भूमिका पर भी पुलिस ने नजरे गड़ाई

कानपुर के दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए तथ्य सामने आ रहे हैं। बहू शालू के बाद अब पुलिस ने मृतक के बेटे सुब्रत की भूमिका की भी गहराई से जांच शुरू कर दी है। पुलिस को उसके और आरोपी नौकर विशाल के बीच तीन महीने में 300 से ज्यादा बार बातचीत के रिकॉर्ड मिले हैं।

जांच में सामने आया है कि हत्या से एक दिन पहले विशाल ने नया सिम कार्ड खरीदा था। इसी नंबर से वह सुब्रत और शालू के संपर्क में था। पुलिस के मुताबिक, बातचीत के बाद दोनों अपने फोन से कॉल हिस्ट्री और कुछ संदेश हटाते थे।

डिलीट कॉल से बढ़ा शक

पुलिस जांच में पता चला कि शालू और विशाल के बीच करीब 40 बार बातचीत हुई थी। वारदात वाले दिन दोनों के बीच 14 बार फोन पर बात हुई और तीन बार वाट्सऐप के जरिए संपर्क हुआ। वहीं 29 अगस्त से हत्या वाली रात तक विशाल और सुब्रत के बीच 25 बार बातचीत सामने आई।

पुलिस के अनुसार, सुब्रत ने भी दिन में की गई एक कॉल की जानकारी फोन से डिलीट की थी। इसके बाद उसके तीन मोबाइल फोन, शालू का फोन और आरोपियों के मोबाइल फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं।

हत्या की पहले बनी थी योजना

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती योजना विनीत को सड़क हादसे में मारने की थी। बाद में पकड़े जाने की आशंका के चलते योजना बदली गई। तकिये से मुंह दबाकर हत्या करने और मौत को हार्ट अटैक दिखाने की बात सामने आई थी।

घर में प्रवेश के लिए डुप्लीकेट चाबी भी तैयार कराई गई थी। वारदात की रात विशाल और उसका साथी फ्लैट में पहुंचे, लेकिन योजना के मुताबिक सब कुछ नहीं हुआ। इसके बाद विनीत पर चाकू से हमला किया गया।

कैमरों को लेकर भी सवाल

पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि विनीत ने अपनी मां के घर से जाने के अगले ही दिन फ्लैट में चार कैमरे क्यों लगवाए थे। पुलिस इस बिंदु पर परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या विनीत को पहले से किसी खतरे का अंदेशा था।

फिलहाल पुलिस सुब्रत की भूमिका को लेकर साक्ष्य जुटा रही है। उसकी भूमिका पर अंतिम निष्कर्ष जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर ही सामने आएगा।

Exit mobile version