Expired Candy Viral video: कानपुर के पनकी इलाके में हाईवे किनारे पड़ी टॉफी और चॉकलेट को बटोरने के लिए लोगों की भीड़ जुटने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कई लोग सड़क किनारे पड़े सामान को उठाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये टॉफियां और चॉकलेट एक्सपायर हो चुकी थीं। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि वायरल वीडियो कब का है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फैक्ट्री के पीछे सामान
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक वायरल वीडियो एलएमएल चौराहे से थम्सअप चौराहे के बीच फर्टिलाइजर फैक्ट्री के पीछे हाईवे किनारे का है। आशंका जताई जा रही है कि किसी चॉकलेट कंपनी ने बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड टॉफी और चॉकलेट के डिब्बे वहां फेंके। जैसे ही स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी मिली, कई लोग मौके पर पहुंच गए और सामान उठाने लगे। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया।
कंपनी पर सवाल
हाईवे किनारे बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री फेंके जाने की बात सामने आने के बाद संबंधित कंपनी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। अगर एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ वास्तव में खुले में फेंके गए हैं तो यह खाद्य सुरक्षा और आम लोगों के स्वास्थ्य के लिहाज से गंभीर मामला हो सकता है। हालांकि, अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि टॉफी और चॉकलेट किस कंपनी की थीं और उन्हें वहां किसने फेंका।
मिले फटे रैपर
जांच के दौरान पुलिस को मौके से कुछ खाली और फटे हुए रैपर मिले हैं। इनमें कुछ रैपर मिट्टी से सने हुए थे। पुलिस के अनुसार, इन रैपर पर ‘एन’ और ‘गुजरात’ लिखा हुआ दिखाई दे रहा है। इन्हीं सुरागों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि खाद्य सामग्री कहां से आई थी और उसे हाईवे किनारे किसने फेंका।
वीडियो की पड़ताल
पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती वायरल वीडियो की तारीख और उसके वास्तविक स्रोत का पता लगाना है। जांच में यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि वीडियो में दिखाई दे रही टॉफी और चॉकलेट वास्तव में कितनी पुरानी थीं। पुलिस आसपास के क्षेत्र और संबंधित स्थान की जानकारी जुटा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता सामने आ सके।
पुलिस ने शुरू की जांच
थाना प्रभारी दिनेश विष्ट के मुताबिक रात करीब एक बजे यह वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया। इसके बाद संबंधित विभाग को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो कुछ दिन पुराना भी हो सकता है। मौके से मिले मिट्टी लगे रैपर में गुजरात का नाम दिखाई देने के बाद इस दिशा में भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि एक्सपायरी खाद्य सामग्री कहां से आई और हाईवे किनारे क्यों फेंकी गई।
