उत्तर प्रदेश के कानपुर के घाटमपुर उपडाकघर में बचत योजनाओं के नाम पर कथित करोड़ों रुपये की हेराफेरी का मामला सामने आया है। जिन ग्रामीणों ने सालों तक अपनी मेहनत की कमाई डाकघर में जमा की थी, उन्हें मैच्योरिटी पर रकम निकालने पहुंचे तो बड़ा झटका लगा। किसी की पासबुक में जमा रकम दर्ज थी, लेकिन विभागीय रिकॉर्ड में उसका हिसाब नहीं मिला। कुछ लोगों के नाम पर खाते तक नहीं खोले गए थे। अब तक 25 से अधिक शिकायतें सामने आ चुकी हैं।
दो कर्मचारियों पर आरोप
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक, विभागीय जांच में डाक सहायक शिवम सचान और तत्कालीन कार्यवाहक उपडाकपाल राकेश कुमार मिश्रा की भूमिका सामने आई है। आरोप है कि खातों से रकम निकालने के लिए शिवम की यूजर आईडी का इस्तेमाल किया गया, जबकि लेनदेन को मंजूरी देने के लिए राकेश मिश्रा की सुपरवाइजरी यूजर आईडी इस्तेमाल हुई। दोनों पर पद और विभागीय अधिकारों का दुरुपयोग कर खाताधारकों की रकम में हेराफेरी करने का आरोप है।
दिवंगत दंपती के पैसे निकाले
मामले का खुलासा आकांक्षा चौरसिया की शिकायत के बाद हुआ। उन्होंने अपने दिवंगत माता-पिता जितेंद्र कुमार चौरसिया और अर्चना चौरसिया के संयुक्त बचत खाते से उनकी मृत्यु के बाद रकम निकाले जाने की शिकायत की थी। जांच में पता चला कि 23 जनवरी 2025 को खाते से 4.15 लाख रुपये और 28 मई 2025 को 2.98 लाख रुपये निकाले गए। इस तरह कुल 7.13 लाख रुपये निकाले गए। इन लेनदेन में भी दोनों कर्मचारियों की यूजर आईडी सामने आई।
दोनों आरोपी गिरफ्तार हुए
डाक विभाग की आंतरिक जांच में भूमिका सामने आने के बाद दोनों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद कार्यालय अधीक्षक रवि कुमार की शिकायत पर घाटमपुर थाने में दोनों के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज कराई गईं। पुलिस ने रविवार को शिवम सचान और राकेश कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
जांच में सामने आएंगे नाम
फिलहाल पुलिस और डाक विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि वर्षों तक खाताधारकों की जमा रकम का हिसाब विभागीय रिकॉर्ड में क्यों नहीं मिला। क्या इस मामले में 25 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं या पीड़ितों की संख्या और बढ़ सकती है? जांच पूरी होने के बाद ही कथित घोटाले में शामिल रकम और प्रभावित खाताधारकों की वास्तविक संख्या सामने आ सकेगी।

