Site icon News1India

Fire Tragedy : कानपुर के अपार्टमेंट में सुबह-सुबह मची चीख-पुकार? आग में महिला और 15 साल के लड़के की मौत

Kanpur Apartment Fire

Kanpur Apartment Fire : कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर चौकी इलाके में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां राधिका अपार्टमेंट में सुबह करीब 4:30 बजे अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखकर अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में एक महिला और 15 साल के किशोर की जान चली गई।

पार्किंग से फैली आग

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह अपार्टमेंट की पार्किंग में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। एसीपी अमित पांडे के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े चार बजे पुलिस को आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की गाड़ियों को बुलाकर बचाव और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

छह लोगों का रेस्क्यू

अपार्टमेंट में करीब 12 फ्लैट हैं। आग के कारण कुछ लोग बगल की दीवारों से सटे हिस्सों में फंस गए थे। दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर एक बुजुर्ग, महिलाओं और बच्चों समेत करीब छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, बेहोशी की हालत में मिले एक व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

दो लोगों की मौत

डॉक्टर शुभम जैन के अनुसार, हादसे से जुड़े चार मरीज अस्पताल लाए गए थे। इनमें राखी नाम की महिला और 15 वर्षीय प्रांजुल बोथम की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। प्रांजुल की मां मीता करीब 40 प्रतिशत झुलस गई हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

युवक की रीढ़ में चोट

आग से बचने के लिए अपार्टमेंट से नीचे कूदने के दौरान वैभव गुप्ता की रीढ़ की हड्डी में चोट आई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए हैलट अस्पताल के न्यूरो विभाग में रेफर किया गया है। फिलहाल पुलिस और संबंधित टीमें हादसे की जांच कर रही हैं।

Exit mobile version