Kanpur Plane Crash: कानपुर में ट्रेनिंग विमान हादसे का शिकार, पायलट और ट्रेनी की मौत

कानपुर में गुरुवार को ट्रेनिंग के दौरान ट्विन इंजन विमान क्रैश हो गया। हादसे में प्रशिक्षक सचिन भाटिया और ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी की मौत हो गई। DGCA ने जांच शुरू कर दी है।

Kanpur Plane Crash

Kanpur Plane Crash:उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार दोपहर ट्रेनिंग उड़ान के दौरान बड़ा विमान हादसा हो गया। गंगा बैराज के पास कटरी क्षेत्र के नत्थूपुरवा गांव में एक चार सीटर ट्विन इंजन ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर खेत में जा गिरा। हादसे में विमान में सवार प्रशिक्षक और ट्रेनी पायलट की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान नीचे गिरने से पहले तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

20 मिनट में क्रैश

पुलिस के मुताबिक, विमान ने सुबह करीब 11:30 बजे कानपुर स्थित गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से उड़ान भरी थी। करीब 20 मिनट बाद, लगभग 11:50 बजे विमान वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। विमान चार सीटर और ट्विन इंजन वाला Tecnam एयरक्राफ्ट था। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया।

दोनों की मौत

कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों की पहचान गुजरात निवासी प्रशिक्षक पायलट सचिन भाटिया और कर्नाटक निवासी ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी के रूप में हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, सचिन भाटिया के पास करीब 3,000 घंटे का उड़ान अनुभव था। हादसे के बाद दोनों शवों को विमान के मलबे से बाहर निकाला गया।

धमाके के बाद गिरा

स्थानीय लोगों ने बताया कि विमान अचानक आसमान से नीचे आया और खेत में जा गिरा। जमीन से टकराने के बाद तेज आवाज हुई और विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शुरुआती रिपोर्टों में उड़ान के दौरान विमान में धमाके जैसी आवाज आने की बात सामने आई है, लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि दुर्घटना से पहले वास्तव में क्या हुआ था। हादसे के कारणों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

DGCA करेगा जांच

विमान दुर्घटना की सूचना नागर विमानन महानिदेशालय यानी DGCA को दे दी गई है। जांच एजेंसी विमान के तकनीकी हिस्सों, उड़ान की परिस्थितियों और हादसे से पहले की गतिविधियों की जांच करेगी। फिलहाल तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य कारण को लेकर कोई पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी।

Exit mobile version