KDA Kanpur: कानपुर में बजट में घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने अपनी 143वीं बोर्ड बैठक में यह फैसला लिया है कि आमजन को पुराने दामों पर ही फ्लैट्स उपलब्ध कराए जाएंगे। पनकी, नवाबगंज, विकास नगर जैसे इलाकों में अब महज 9.40 लाख रुपये से लेकर 75 लाख रुपये तक के फ्लैट्स उपलब्ध हैं। इनमें 2 बीएचके और 3 बीएचके दोनों तरह के विकल्प मौजूद हैं। फ्लैट खरीदने की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और आवेदकों को साइट विजिट की भी छूट दी गई है। इच्छुक खरीदार बैंक लोन की सुविधा का लाभ भी उठा सकते हैं। KDA की योजनाओं में हजारों फ्लैट्स अभी भी खाली हैं।
पनकी से लेकर नवाबगंज तक सस्ते और बेहतरीन फ्लैट्स
KDA के वीसी मदन सिंह गर्ब्याल के अनुसार, पनकी थाना क्षेत्र में 9.40 लाख रुपये से शुरू होने वाले फ्लैट्स उपलब्ध हैं, जो अधिकतम 20 लाख रुपये तक के हैं। वहीं नवाबगंज और विकास नगर में 30 से 75 लाख रुपये तक की रेंज में फ्लैट्स बिक रहे हैं। सबसे खास बात यह है कि इन सभी फ्लैट्स की बिक्री पुरानी दरों पर की जा रही है।
आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन, साइट विजिट की भी सुविधा
KDA फ्लैट्स खरीदने के लिए KDA की वेबसाइट पर जाकर आवेदन किया जा सकता है। खास बात यह है कि आवेदनकर्ता जब चाहें, फ्लैट्स की साइट पर जाकर निरीक्षण कर सकते हैं। कई प्रोजेक्ट्स में ग्राउंड फ्लोर से लेकर 13वें माले तक फ्लैट्स उपलब्ध हैं। आवेदक घर बैठे सभी दस्तावेज ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। साथ ही बैंक लोन की सुविधा भी आसानी से मिलेगी।
इन योजनाओं में हैं खाली फ्लैट्स
योजना का नाम | खाली फ्लैट्स की संख्या |
---|---|
मन्दाकिनी सुलभ | 3499 |
यमुना सुलभ | 3581 |
रामगंगा इन्कलेव टाइप-2 | 154 |
गंगा सुलभ | 2360 |
हिमगिरी, नीलगिरि, सरस्वती सुलभ | 2340 |
रामगंगा इन्कलेव टाइप | 1607 |
हिमालय सुलभ | 196 |
अमन इन्कलेव | 1369 |
एकता इन्क्लेव, जवाहरपुरम सेक्टर 13 | 1653 |
प्रगति इन्क्लेव, जवाहरपुरम सेक्टर 6 | 271 |
केडीए ड्रीम्स, शताब्दी नगर | 1138 |
केडीए हाइट्स, कल्याणपुर, बिठूर | 36 |
केडीए ग्रीन्स | 191 |
सिग्नेचर ग्रीन्स | 18 |
अब अपने सपनों का घर होगा हकीकत
KDA की इन योजनाओं के जरिए हजारों ऐसे परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है जो लंबे समय से बजट में घर की तलाश में थे। सरकारी योजनाओं के तहत लाए गए ये फ्लैट्स आम नागरिकों को सस्ती कीमत में शहर के प्रमुख क्षेत्रों में घर देने का सपना साकार कर रहे हैं। यदि आप भी घर लेने का विचार कर रहे हैं, तो यह मौका न गंवाएं।