Mumbai news : कुणाल कामरा की कौन सी टिप्पणी पर मचा हुआ है हंगामा,खार पुलिस ने क्यों भेजा नोटिस

कुणाल कामरा के वीडियो ने महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मचा दी है। शिवसेना कार्यकर्ता उग्र हैं, बीएमसी की कार्रवाई हो चुकी है, और कानूनी पेंच भी फंस गया है। देखते है मामला आगे किस दिशा में बढ़ता है।

Kunal Kamra controversial comment

 Kunal Kamra controversial comment : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर की गई टिप्पणी को लेकर कॉमेडियन कुणाल कामरा विवादों में घिर गए हैं। इस मामले में अब खार पुलिस ने उन्हें नोटिस जारी किया है। शिंदे पर की गई इस टिप्पणी से शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता और कार्यकर्ता नाराज हो गए हैं। इसी नाराजगी के चलते बीएमसी की टीम ने सोमवार को मुंबई के हैबिटेट स्टूडियो का एक हिस्सा ढहा दिया। इसी स्टूडियो में कामरा ने वह शो किया था, जिसमें शिंदे पर टिप्पणी की गई थी।

वीडियो वायरल होते ही बवाल मचा

कुणाल कामरा, जो अपनी बेबाकी और हाजिरजवाबी के लिए मशहूर हैं, ने हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। यह वीडियो एक पैरोडी था, जिसे बॉलीवुड फिल्म दिल तो पागल है के गाने पर बनाया गया था। इस वीडियो के जरिए कामरा ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर तीखी टिप्पणी की थी।

जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता उग्र हो गए। शिवसैनिकों ने रविवार को मुंबई के खार इलाके में स्थित स्टूडियो और होटल यूनिकॉन्टिनेंटल में तोड़फोड़ कर दी। उनका दावा है कि इसी जगह वीडियो शूट किया गया था। इस बीच, कुणाल कामरा के खिलाफ मुंबई के MIDC पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई गई है। यह शिकायत शिवसेना विधायक मुराजी पटेल ने दर्ज करवाई है।

नेताओं की प्रतिक्रिया भी सामने आई

शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “एकनाथ शिंदे का मजाक उड़ाना गलत है। वे एक ऐसे नेता हैं, जिन्होंने एक ऑटो चालक से लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनने तक का सफर तय किया है। इस तरह की टिप्पणी में वर्गवादी अहंकार झलकता है। भारत अब उन पुराने हकदारों और उनकी चाटुकारिता से मुक्त हो रहा है, जो योग्यता और लोकतंत्र की बातें सिर्फ दिखावे के लिए करते हैं।” शिवसेना के ही सांसद नरेश म्हास्के ने भी कामरा को चेतावनी देते हुए कहा कि पूरे देश में शिवसैनिक उनका पीछा करेंगे। उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, “आप भारत से भागने के लिए मजबूर हो जाएंगे।”

बीएमसी की कार्रवाई और विवाद

कामरा के विवादित वीडियो के बाद शिवसेना कार्यकर्ताओं का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। इसी बीच सोमवार को बीएमसी की टीम ने मुंबई के हैबिटेट स्टूडियो के एक हिस्से को ढहा दिया। यह वही जगह है जहां कामरा ने अपना शो किया था, जिससे यह विवाद खड़ा हुआ। यह पहली बार नहीं है जब कुणाल कामरा को अपने बयानों और व्यंग्य के कारण मुसीबतों का सामना करना पड़ा है। इससे पहले भी वे कई बार राजनीतिक टिप्पणियों के चलते विवादों में रहे हैं। इस बार मामला और गंभीर होता जा रहा है क्योंकि शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता खुलकर उनके खिलाफ आ गए हैं। अब देखना यह होगा कि इस पूरे विवाद में आगे क्या होता है।

Exit mobile version