Site icon News1India

अडानी की कंपनी ने कर दिया चमत्कार, 2 घंटे में कमा डाले 20 हजार करोड़

Adani Company

Adani Company : आज शेयर बाजार ने हरे निशान में शानदार ओपनिंग की, जिससे कई कंपनियों के स्टॉक्स में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। इस उछाल का लाभ अडानी ग्रुप की प्रमुख कंपनी अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (APSEZ) को भी मिला है। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे, APSEZ का शेयर BSE पर 7.65% की छलांग लगाकर ₹1,364.00 पर ट्रेड करता देखा गया। महज दो घंटे के भीतर कंपनी के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में लगभग 20,000 करोड़ रुपए की वृद्धि दर्ज की गई।

शुक्रवार को इसका मार्केट कैप ₹2,93,346.86 करोड़ था, जबकि आज के उच्चतम स्तर पर यह ₹3,12,993.32 करोड़ पहुँच गया, जो कि ₹19,646.46 करोड़ का अंतर है। पिछले सत्र में शेयर ₹1,267.05 पर बंद हुआ था और आज ₹1,297.50 पर खुलने के बाद कुछ ही समय में यह करीब 6% तक ऊपर चला गया।

तिमाही में मुनाफे में 50% की बढ़ोतरी

इस तेजी की एक बड़ी वजह कंपनी के हालिया घोषित वित्तीय परिणाम हैं। अडानी पोर्ट्स ने वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही (Q4) के आंकड़े जारी किए हैं, जिनके मुताबिक कंपनी का शुद्ध मुनाफा साल-दर-साल आधार पर 50% बढ़कर ₹3,023 करोड़ पहुँच गया है। आपको बता दें कि, पिछले साल इसी अवधि में यह मुनाफा ₹2,025 करोड़ था।
सिर्फ मुनाफा ही नहीं, कंपनी की राजस्व आमदनी 23% बढ़कर ₹8,488 करोड़ हो गई है। वहीं, EBITDA यानी ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले की कमाई 24% की वृद्धि के साथ ₹5,006 करोड़ दर्ज की गई।

यह भी पढ़ें : गर्मियों में राहत के लिए लेना चाहते हैं ठंडी हवाओं वाला कूलर, जानिए सस्ते…

निवेशकों के लिए खुशखबरी

कंपनी ने अपने निवेशकों को संतुष्ट करते हुए ₹1 फेस वैल्यू वाले पूर्णतः चुकता इक्विटी शेयर पर 130% के हिसाब से प्रति शेयर ₹1.30 का लाभांश देने की सिफारिश की है। इस लाभांश के लिए रिकॉर्ड तिथि 13 जून 2025 तय की गई है, अर्थात् जिन निवेशकों के पास इस दिन कंपनी के शेयर होंगे, वही इस लाभांश के पात्र होंगे।

Exit mobile version