दिल्ली के रण में CM योगी ने केजरीवाल पर साधा निशाना, बोले – ‘क्या कैबिनेट संग यमुना में डुबकी लगा सकते हैं?’

सीएम योगी आदित्यनाथ ने तंज कसते हुए कहा कि जब मैं और मेरी सरकार के मंत्री संगम में स्नान कर सकते हैं, तो क्या अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्री यमुना में स्नान कर सकते हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली की जनता को योजनाबद्ध तरीके से बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा गया है।

Delhi Election 2025

Delhi Election 2025 : दिल्ली के चुनावी मैदान में सीएम योगी आदित्यनाथ की एंट्री हो चुकी है। गुरुवार को उन्होंने करोल बाग के किराड़ी विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया। योगी ने कहा, “अगर मैं और मेरे मंत्री मुख्यमंत्री के रूप में संगम में स्नान कर सकते हैं, तो केजरीवाल और उनके मंत्री यमुना में स्नान क्यों नहीं कर सकते? इन लोगों ने यमुना को एक गंदे नाले में बदल दिया है। जनता को इसका हिसाब लेना चाहिए, क्योंकि इनकी अदालत में इनको माफी नहीं मिलनी चाहिए।”

दिल्ली की वर्तमान स्थिति पर उठाया सवाल 

योगी ने दिल्ली की वर्तमान स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक समय था जब लोग सुविधाओं के लिए दिल्ली का रुख करते थे। मेट्रो की शुरुआत अटल बिहारी वाजपेयी के समय हुई थी, और दिल्ली को मॉडल सिटी के रूप में देखा जाता था। लेकिन आज की स्थिति यह है कि सड़कें गड्ढों से भरी हुई हैं। यह कहना मुश्किल है कि गड्ढों में सड़क है या सड़कों में गड्ढे। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली को कूड़ाघर में तब्दील कर दिया गया है। सड़कें सीवर के पानी में डूबी रहती हैं और राजधानी की स्थिति दयनीय हो गई है।

यह भी पढ़ें : बॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक राम गोपाल वर्मा को 3 महीने की जेल, चेक बाउंस मामले में…

योगी ने कहा, “यमुना की सफाई के लिए ये लोग कोई कदम नहीं उठाते। विकास परियोजनाओं की जांच तक करने नहीं जाते। इनके पास सिर्फ एक ही काम है—सुबह से झूठे दावे और फर्जी पोस्ट करना। अगर यह लोग अपने झूठ बोलने में समय लगाने के बजाय काम पर ध्यान देते, तो आज दिल्ली की तस्वीर कुछ और होती।” योगी ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि अब वह अपने भाषणों में यूपी की बात कर रहे हैं, लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए कि आज लोग यूपी को विकास के मॉडल के रूप में देख रहे हैं।

Exit mobile version