कानपुर के केशवपुरम में दिनदहाड़े वारदात: बुजुर्ग महिला की हत्या लाखों की लूट , इलाके में फैली सनसनी

कानपुर के केशवपुरम में बुजुर्ग महिला की हत्या कर लाखों की लूट हुई। सीसीटीवी में संदिग्ध कैद, पुलिस को करीबी पर शक। चार हिरासत में, गहने-नकदी गायब, जांच जारी।

Kanpur Keshavpuram murder robbery

Kanpur Keshavpuram murder robbery:कानपुर के केशवपुरम इलाके में दिनदहाड़े एक कैंसर पीड़ित बुजुर्ग महिला की हत्या कर लाखों की लूट की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। पुलिस को इस मामले में किसी करीबी की संलिप्तता का शक है और एक महिला समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घर में अकेली थीं महिला, 40 मिनट में वारदात

आवास विकास-1 स्थित केशवपुरम के बरगद चौराहे के पास रिटायर शिक्षक हरेंद्र कुमार अपनी पत्नी निर्मला के साथ रहते थे। गुरुवार दोपहर पत्नी की तबीयत खराब होने पर हरेंद्र दवा लेने बाहर गए थे। करीब 40 मिनट बाद लौटे तो घर की अलमारियां खुली मिलीं और सामान बिखरा पड़ा था। वहीं निर्मला फर्श पर मृत अवस्था में पड़ी थीं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध कैद

पुलिस द्वारा खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में एक महिला और युवक घर में आते-जाते नजर आए हैं। करीब 12 मिनट के भीतर दोनों संदिग्धों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। फुटेज में दिखा कि गले में भगवा अंगौछा डाले युवक घर के पास से निकलते समय मृतका के पति के सामने से भी गुजरा, लेकिन उस समय किसी को शक नहीं हुआ।

रेकी कर रची गई साजिश

जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले से घर की रेकी कर रहे थे। एक संदिग्ध युवक घर के सामने पार्क में बैठकर गतिविधियों पर नजर रखता था। जैसे ही महिला का पति घर से निकला, आरोपियों ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस का मानना है कि घटना में किसी करीबी की भूमिका हो सकती है।

गहने और नकदी लेकर फरार

घर से सोने के गहने और नकदी गायब मिले हैं। जानकारी के अनुसार, हाल ही में परिवार ने करीब साढ़े छह लाख रुपये के गहने खरीदे थे, जिनके खाली डिब्बे घर में मिले हैं। इससे अंदेशा है कि लूट के इरादे से ही हत्या की गई।

परिवार बाहर, महिला थी बीमार

मृतका के तीनों बच्चे बाहर रहते हैं ,बेटी दिल्ली और बेंगलुरु में, जबकि बेटा हैदराबाद में इंजीनियर है। निर्मला को शुरुआती स्टेज का ब्रेस्ट कैंसर भी था। एक दिन पहले ही परिवार ने पति का जन्मदिन मनाया था, जिससे घर में खुशी का माहौल था, जो अगले ही दिन मातम में बदल गया।

Exit mobile version