Old Age Wedding: कोलकाता निवासी 63 वर्षीय सबीना और मंडी जिला के जंजैहली क्षेत्र के थुनाग गांव निवासी 75 वर्षीय कन्हैया लाल अब एक-दूसरे के जीवनसाथी बनने जा रहे हैं। अपनों ने साथ छोड़ा तो दोनों जिंदगी के सफर में अकेले रह गए थे, लेकिन वृद्धाश्रम में एक-दूसरे का साथ मिला तो जीवन की नई शुरुआत करने का फैसला कर लिया। मंगलवार शाम को दोनों की हल्दी और मेहंदी की रस्में पारंपरिक तरीके से निभाई गईं। दूल्हा और दुल्हन ने हल्दी के वक्त पीले रंग के वस्त्र पहने थे। संस्थान के सदस्यों ने इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं और वृद्धाश्रम में रह रहे अन्य बुजुर्ग भी इस शादी को लेकर काफी उत्साहित हैं।
कब होंगे वरमाला और सात फेरे?
बुधवार सुबह साढ़े 11 बजे हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार वरमाला और सात फेरों की रस्म होगी। इसके बाद विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। दोपहर ठीक तीन बजे दयोली स्थित वृद्धाश्रम से बरात की विदाई होगी। शादी के बाद दोनों नालागढ़ स्थित वृद्धाश्रम में अपना नया जीवन शुरू करेंगे। इस अनूठे आयोजन में उपायुक्त किरण भड़ाना के भी पहुंचने की संभावना है। जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल और अपना घर वृद्धाश्रम के संस्थापक प्रकाश बंसल की देखरेख में शादी की तैयारियां और रस्में की जा रही हैं।
समाज को क्या संदेश?
यह शादी समाज को एक बेहद खूबसूरत संदेश देने जा रही है कि जीवन में रिश्तों की अहमियत और साथ की जरूरत उम्र की मोहताज नहीं होती। अपनों से दूर होकर अकेलेपन में जिंदगी गुजार रहे सबीना और कन्हैया लाल को वृद्धाश्रम में एक-दूसरे का साथ मिला तो दोनों ने जीवन की नई शुरुआत करने का फैसला लिया। अब सात फेरों के साथ दोनों एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनने जा रहे हैं। दयोली के अपना घर वृद्धाश्रम में होने जा रहा यह विवाह समारोह न केवल यहां रह रहे बुजुर्गों के लिए खुशी का अवसर है, बल्कि उन लोगों के लिए भी एक मिसाल बनेगा जो मानते हैं कि उम्र के किसी भी पड़ाव पर जिंदगी को नए सिरे से शुरू किया जा सकता है। इस शादी के जरिए बिलासपुर एक ऐसी अनूठी और यादगार पहल का गवाह बनने जा रहा है, जहां रिश्तों की नई परिभाषा लिखी जाएगी।

