क्या होता है PIP और ये किन कर्मचारियों पर होता है लागू, जानिए पूरी डिटेल

PIP (Performance Improvement Plan) कंपनियों की एक प्रक्रिया है, जिसके जरिए कर्मचारियों को प्रदर्शन सुधारने का अवसर दिया जाता है। इसमें तय समय के भीतर लक्ष्य पूरे करने होते हैं। बेहतर प्रदर्शन करने पर कर्मचारी नौकरी जारी रख सकता है, जबकि लगातार खराब प्रदर्शन की स्थिति में कंपनी आगे की कार्रवाई कर सकती है।

Performance Improvement Plan: कंपनियों द्वारा अपनाई जाने वाली एक औपचारिक प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य कर्मचारियों के प्रदर्शन में सुधार करना होता है। जब किसी कर्मचारी का काम कंपनी की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं होता, तो उसे पीआईपी पर रखा जा सकता है। इसके तहत कर्मचारी को बताया जाता है कि उसके प्रदर्शन में कहां कमी है, किन लक्ष्यों को तय समय में पूरा करना है और उसका मूल्यांकन किन मानकों के आधार पर होगा।

कितने समय का होता है PIP?

आमतौर पर पीआईपी की अवधि 30, 60 या 90 दिन होती है। हालांकि, यह कंपनी की नीति और कर्मचारी की भूमिका के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। इस दौरान कर्मचारी के प्रदर्शन की नियमित समीक्षा की जाती है।

किन कर्मचारियों को PIP पर रखा जाता है?

पीआईपी आमतौर पर उन कर्मचारियों पर लागू किया जाता है जो लगातार तय लक्ष्य पूरे नहीं कर पा रहे हों, काम की गुणवत्ता अपेक्षा से कम हो या प्रदर्शन में लगातार गिरावट आ रही हो। वहीं अनुशासनहीनता, धोखाधड़ी, उत्पीड़न या गंभीर नियम उल्लंघन जैसे मामलों में कंपनियां पीआईपी के बजाय अलग अनुशासनात्मक कार्रवाई करती हैं।

क्या कंपनी मदद भी करती है?

पीआईपी के दौरान कर्मचारी को केवल कमियां नहीं बताई जातीं, बल्कि सुधार के लिए ट्रेनिंग, रिफ्रेशर कोर्स, मैनेजर का मार्गदर्शन और जरूरी संसाधन भी उपलब्ध कराए जा सकते हैं। समय-समय पर समीक्षा बैठकों के जरिए उसकी प्रगति का आकलन किया जाता है और आवश्यक सुझाव दिए जाते हैं।

क्या PIP का मतलब नौकरी जाना है?

कई कर्मचारी पीआईपी को नौकरी जाने की चेतावनी मानते हैं, क्योंकि यदि तय अवधि के भीतर प्रदर्शन में अपेक्षित सुधार नहीं होता, तो कुछ कंपनियां आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई या नौकरी समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर सकती हैं। हालांकि, हर पीआईपी का उद्देश्य कर्मचारी को हटाना नहीं होता। कई कंपनियां इसे कर्मचारियों को बेहतर प्रदर्शन का अवसर देने के लिए लागू करती हैं। यदि कर्मचारी निर्धारित समय में लक्ष्य हासिल कर लेता है और प्रदर्शन में सुधार दिखाता है, तो वह सफलतापूर्वक पीआईपी से बाहर आकर अपनी नौकरी जारी रख सकता है।

 

Exit mobile version