Chhath Puja Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां जोर पकड़ रही हैं। गोमती नदी के किनारे से लेकर शहर के अलग-अलग इलाकों में छठ पूजा की रौनक दिखाई देगी। इस बार लक्ष्मण मेला मैदान और झूलेलाल वाटिका समेत करीब 135 स्थानों पर व्रती महिलाएं और श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देंगे।
नगर निगम ने पूजा स्थलों को व्यवस्थित करने के लिए सफाई, सजावट और रोशनी का काम शुरू करा दिया है। चार दिवसीय महापर्व 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा।
सुरक्षा के खास इंतजाम
छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए नगर निगम की ओर से पेयजल, शौचालय और आवागमन की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। नदी और जलाशयों के किनारे बैरिकेडिंग कराई जाएगी। इसके अलावा किसी अप्रिय घटना से बचाव के लिए गोताखोर भी तैनात किए जाएंगे।
श्रद्धालुओं ने अपने स्तर से पूजा के लिए वेदियां तैयार करनी शुरू कर दी हैं।
मंत्री ने किया निरीक्षण
नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने महापौर सुषमा खर्कवाल के साथ लक्ष्मण मेला मैदान, पिकनिक स्पॉट और कल्याणपुर स्थित छठ पूजा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और पूजा शुरू होने से पहले सभी जरूरी काम पूरे करने के निर्देश दिए।
उन्होंने घाटों पर सफाई, पर्याप्त रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
कुड़िया घाट पर विशेष जोर
मंत्री एके शर्मा ने मंगलवार को कुड़िया घाट पहुंचकर वहां चल रहे विकास और सौंदर्यीकरण के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने घाटों की साफ-सफाई के साथ चित्रकारी और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और आवागमन की व्यवस्था में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल से काम पूरा करें, जिससे व्रतियों को पूजा के दौरान परेशानी न हो।
संपर्क मार्ग जल्द बनेगा
निरीक्षण के दौरान शिव मंदिर घाट से मुख्य सड़क तक बनाए जा रहे संपर्क मार्ग की प्रगति भी देखी गई। मंत्री ने निर्माण कार्य को प्राथमिकता से पूरा कराने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। इससे छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में आसानी होगी। इस मौके पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार सहित नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

