LDA New Housing Scheme: लखनऊ में सस्ते घर का सपना होगा पूरा,आधुनिक सुविधाओं से लैस अनंत नगर में बनेंगे 1392 नए फ्लैट

लखनऊ विकास प्राधिकरण अनंत नगर योजना में अदिति अपार्टमेंट बनाने जा रहा है। इस परियोजना में 1392 फ्लैट तैयार होंगे। किफायती कीमत, आधुनिक सुविधाएं और हरियाली से घिरा माहौल लोगों को बेहतर आवास का विकल्प देगा।

LDA Aditi Apartment Anant Nagar Scheme: लखनऊ में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अनंत नगर योजना में नई आवासीय परियोजना शुरू करने की तैयारी कर ली है। इस परियोजना का नाम ‘अदिति अपार्टमेंट’ रखा गया है। यह अनंत नगर योजना की पहली बहुमंजिला आवासीय सोसाइटी होगी। इस योजना के तहत कुल 1392 फ्लैट बनाए जाएंगे। इनमें 1 बीएचके और 2 बीएचके दोनों तरह के फ्लैट शामिल होंगे। एलडीए का उद्देश्य मध्यम और कम आय वाले परिवारों को उचित कीमत पर आधुनिक सुविधाओं वाला घर उपलब्ध कराना है।

बजट में फिट होंगे फ्लैट

एलडीए अधिकारियों के मुताबिक, इस योजना में फ्लैटों की कीमत लगभग 20 लाख रुपये से 35 लाख रुपये के बीच रहने की संभावना है। इसी वजह से यह योजना उन परिवारों के लिए खास मानी जा रही है जो सीमित बजट में अपना घर खरीदना चाहते हैं। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस किफायती आवास योजना के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। परियोजना शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों को घर खरीदने का मौका मिलेगा।

कितने फ्लैट बनेंगे

एलडीए के अनुसार, अनंत नगर योजना के आदर्श खंड में लगभग 18,411 वर्गमीटर क्षेत्रफल के ग्रुप हाउसिंग भूखंड पर यह अपार्टमेंट बनाया जाएगा। परियोजना में 1 बीएचके के 412 फ्लैट बनाए जाएंगे। प्रत्येक फ्लैट का क्षेत्रफल लगभग 38.25 वर्गमीटर होगा। वहीं 2 बीएचके श्रेणी के 980 फ्लैट तैयार किए जाएंगे, जिनका क्षेत्रफल करीब 50.10 वर्गमीटर होगा।

फ्लैट में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि 1 बीएचके फ्लैट में 2 बालकनी और 2 बीएचके फ्लैट में 3 बालकनी दी जाएंगी। इसके अलावा निवासियों के लिए 545 चार पहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी होगी। परियोजना में हाई स्पीड लिफ्ट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, बिजली बैकअप, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम, सामुदायिक स्थान और पैदल चलने के लिए विशेष रास्ते जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य शुरू करने के लिए जल्द ही टेंडर जारी किया जाएगा।

हरियाली के बीच मिलेगा बेहतर माहौल

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार, अदिति अपार्टमेंट में कुल पांच आवासीय टावर बनाए जाएंगे। इसके साथ ही करीब 7,500 वर्गमीटर क्षेत्र में पार्क और ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी। परियोजना को इस तरह डिजाइन किया गया है कि अधिकतर फ्लैटों से हरियाली का सुंदर दृश्य दिखाई देगा। पूरी सोसाइटी को खुले और स्वच्छ वातावरण के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिससे लोगों को बेहतर जीवनशैली का अनुभव मिल सके।

शहर के विकास को मिलेगी रफ्तार

अनंत नगर में यह नई परियोजना न केवल लोगों के लिए आवास का बेहतर विकल्प बनेगी, बल्कि इलाके के विकास को भी नई गति देगी। आधुनिक सुविधाओं, हरियाली और किफायती कीमत के कारण यह योजना आने वाले समय में घर खरीदने वालों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकती है।

Exit mobile version